world-news

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए गुड न्यूज, चोट से उबरकर टेस्ट स्क्वॉड में शामिल हुआ विकेटकीपर बल्लेबाज

August 1, 2026

Image

लिटन दास (साभार-BCB)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास चोट से उबरकर टीम में शामिल हो गए हैं। वो 13 अगस्त से डार्विन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए टीम में शामिल हुए हैं। 31 वर्षीय लिटन जून से चोट के कारण क्रिकेट से दूर थे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इसकी जानकारी साझा की। बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि लिटन ने सफलतापूर्वक अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और वह पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध हैं। वह रविवार को डार्विन रवाना होंगे और टीम के साथ जुड़ेंगे।

पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम

नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), सौम्य सरकार, शादमान इस्लाम, तनजीद हसन, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, अमिते हसन, जाकेर अली, मेहदी हसन मिराज (उपकप्तान), तैजूल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, इबादत हुसैन चौधरी, मुस्फिक हसन और लिटन कुमार दास।

वनडे टीम की कप्तानी भी संभालेंगे लिटन

इससे पहले बुधवार को बीसीबी ने लिटन दास को बांग्लादेश की वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। वह मेहदी हसन मिराज की जगह कप्तानी संभालेंगे। मिराज को जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में 2-1 से वनडे सीरीज हारने के बाद कप्तानी से हटा दिया गया। मिराज ने जून 2025 से बांग्लादेश की वनडे टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने 20 में से 10 मुकाबले जीते, जबकि नौ मैचों में हार का सामना किया। इस दौरान बांग्लादेश ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ सीरीज जीत दर्ज की।

अनुभवी खिलाड़ी हैं लिटन दास

लिटन पहले से ही बांग्लादेश की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान हैं और अब वह वनडे टीम की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इससे पहले वह कार्यवाहक कप्तान के रूप में सात वनडे मैचों में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं, जिनमें बांग्लादेश को तीन जीत मिली थी। वनडे क्रिकेट में लिटन दास ने अब तक 104 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 30.84 की औसत और 85.51 के स्ट्राइक रेट से 2869 रन बनाए हैं। उनके नाम पांच शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे का कार्यक्रम

6-8 अगस्त: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच (डीएक्ससी एरिना, डार्विन)

13-17 अगस्त: पहला टेस्ट (मरारा क्रिकेट ग्राउंड, डार्विन)

22-26 अगस्त: दूसरा टेस्ट (ग्रेट बैरियर रीफ एरिना, मैके)

Sameer Thakur

समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Sports
  • Cricket

End of Article