रूसी खुफिया एजेंसी ने बनाया 'सीक्रेट परफ्यूम', एक बूंद से बड़े-बड़े सूरमा बन जाते थे गुलाम!
Jul 30, 2026 11:54 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
पूर्व रूसी जासूस आलिया रोजा ने KGB के 'सीक्रेट परफ्यूम' का खौफनाक सच उजागर किया। जानिए कैसे यह जादुई खुशबू इंसान के दिमाग को कंट्रोल कर बड़े से बड़े राज उगलवा लेती थी!

दुश्मन को काबू करने के लिए KGB यूज करती थी ये खास परफ्यूम, जानिए दुर्लभ जड़ी-बूटियों से बना खुफिया फॉर्मूला
क्या हो अगर कोई परफ्यूम सिर्फ आपको महकाए नहीं, बल्कि सामने वाले इंसान के दिमाग को पूरी तरह हैक कर ले? एक ऐसी जादुई खुशबू जो पल भर में किसी को भी वशीभूत कर दे और वो आपके हर इशारे पर नाचने लगे। हॉलीवुड की किसी साइंस फिक्शन फिल्म या 'जेम्स बॉन्ड' की कहानी जैसा लगने वाला यह किस्सा असल जिंदगी की एक खौफनाक सच्चाई है, जिसका इस्तेमाल दुनिया की सबसे खतरनाक खुफिया एजेंसी सालों तक करती रही।
यह सनसनीखेज खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि खुद एक पूर्व रूसी जासूस ने किया है। हाल ही में इंडियन यूट्यूबर और पॉडकास्टर राज शामानी के पॉडकास्ट 'Figuring Out' में पूर्व सीक्रेट एजेंट आलिया रोजा मेहमान बनकर आई थीं। इसी बातचीत के दौरान आलिया ने जासूसी दुनिया के कई खौफनाक राज से पर्दा उठाया, जिसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाला था- KGB का सीक्रेट 'हनी ट्रैप' परफ्यूम।
वैज्ञानिकों ने दुर्लभ पौधों से तैयार किया था खुफिया फॉर्मूला
आलिया रोजा के मुताबिक, सोवियत संघ की कुख्यात खुफिया एजेंसी KGB के वैज्ञानिकों ने अपनी महिला एजेंट्स के लिए यह खास फॉर्मूला तैयार किया था। इसे रूस के कुछ बेहद दुर्लभ पौधों और जड़ी-बूटियों के अर्क से बनाया गया था। इस परफ्यूम का मुख्य काम इंसान के शरीर के प्राकृतिक 'फेरोमोन' को कई गुना बढ़ा देना था।
आखिर कैसे दिमाग पर कब्जा करता था यह परफ्यूम?
राज शामानी के साथ बातचीत में आलिया ने बताया कि जब कोई महिला एजेंट इसे लगाकर अपने 'टारगेट' यानी किसी विदेशी राजनयिक, बड़े अधिकारी या अंडरवर्ल्ड डॉन के पास जाती थी, तो यह खुशबू सीधे टारगेट के अवचेतन मन और 'एनिमल इंस्टिंक्ट' पर असर करती थी। यह कोई आम परफ्यूम नहीं था, बल्कि एक तरह का 'सिडक्टिव सेंट' था। इसकी महक से सामने वाला व्यक्ति न सिर्फ उस एजेंट की तरफ शारीरिक रूप से आकर्षित हो जाता था, बल्कि उस पर इस कदर भरोसा करने लगता था कि देश के बड़े से बड़े सीक्रेट्स भी उगल देता था।
पॉडकास्ट में ले आईं 20 साल पुरानी बोतल
इस कहानी ने तब और भी दिलचस्प मोड़ ले लिया जब आलिया रोजा ने बताया कि वह अपने साथ उस सीक्रेट परफ्यूम की 20 साल पुरानी शीशी लेकर आई हैं। उन्होंने वह बोतल पॉडकास्ट में दिखाई भी। हालांकि इतने सालों बाद उसकी महक बदल चुकी है और तेल जैसा गाढ़ा हो गया है, लेकिन अपने समय में यह किसी अचूक और साइलेंट हथियार से कम नहीं था।
अब अमेरिका में बन रहा है नया फॉर्मूला
पूर्व जासूस का दावा है कि इस परफ्यूम का इस्तेमाल सिर्फ रोमांटिक 'हनी ट्रैप' के लिए नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी बिजनेस डील्स और नेगोशिएशन में अपना प्रभाव जमाने के लिए भी खूब होता था। आलिया ने बताया कि उन्होंने अब यह फॉर्मूला अमेरिका की एक परफ्यूम फैक्ट्री को सौंप दिया है ताकि वे इसे दोबारा बना सकें। उनका मानना है कि इसका इस्तेमाल लोग अपना आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रोफेशनल लाइफ में सफलता पाने के लिए कर सकेंगे।
इस खुलासे ने डार्क साइकोलॉजी, ह्यूमन बिहेवियर और खुफिया एजेंसियों के काम करने के तरीके को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। यह सोचने पर मजबूर करता है कि जिस दुनिया को हम इतना सीधा समझते हैं, वहां एक खुशबू भी आपको किसी का गुलाम बना सकती है!
