
पुलिस घटना की जांच में जुटी
Samastipur gang rape case: बिहार के समस्तीपुर जिले में नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आरोप है कि लड़की शाम के समय अपने मवेशियों के लिए चारा लाने मकई के खेत में गई थी, जहां पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उसके साथ वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता को बेहोशी की हालत में खेत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए.
घटना जिले के एक थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि लड़की रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा लेने खेत की ओर गई थी. इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे अपना निशाना बनाया. आरोप है कि आरोपियों ने लड़की के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और फिर उसे खेत में बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले.
कुछ देर बाद आसपास की महिलाओं को इसकी जानकारी मिली. महिलाओं ने जब मकई के खेत में जाकर देखा तो लड़की अचेत अवस्था में पड़ी थी. यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी गई, जिसके बाद पीड़िता को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया.
सदर अस्पताल पहुंची पुलिस टीम, रातभर रही तैनाती
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे और महिला डीएसपी अपनी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. पीड़िता अस्पताल में रोती रही.
पीड़िता के होश में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उससे और उसके परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ की. इसके बाद परिजनों के बयान के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई. एफआईआर में एक नामजद आरोपी समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
मेडिकल जांच और 164 के बयान की तैयारी
सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है. पीड़िता और उसके परिजनों से जानकारी ली गई है. पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और कोर्ट में उसका धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा.
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. सामूहिक दुष्कर्म या किसी अन्य विवाद से जुड़े एंगल की भी पड़ताल की जा रही है.
घटना को लेकर गांव में आक्रोश
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में आक्रोश का माहौल है. लोग बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से लड़कीओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. डीएसपी ने दावा किया कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले को स्पीडी ट्रायल के जरिए आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी.

ज्योति कुमार सिंह
बिहार के समस्तीपुर से वर्ष 2000 में पत्रकारिता जगत में सक्रिय होने वाले ज्योति कुमार सिंह कई दैनिक अखबारों में काम कर चुके हैं. इसमें राजनीतिक, सामाजिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने का अवसर प्राप्त हुआ. समस्तीपुर जिले में कई महत्वपूर्ण आंदोलनों के दौरान अन्य रिपोर्टरों से अलग खबर ढूंढना और उसे जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रही है. शुरुआती दौर में मैंने दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक हिंदुस्तान, दैनिक प्रभात खबर, अर्ली मॉर्निंग, मिथिला आवाज, हमार टीवी, मौर्य टीवी, ETV, राज्यसभा टीवी के साथ काम किया. इसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े और समस्तीपुर से रिपोर्टर हैं.
Read More