world-news

PoK Election Result: हिंसा के बीच पीओके चुनाव में नवाज शरीफ की पार्टी का दबदबा, पहले चरण में ही मारी बाजी

July 28, 2026

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नतीजों में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने बढ़त हासिल की है. अनौपचारिक और शुरुआती नतीजों के मुताबिक, पहले चरण की 13 सीटों में से 9 सीटें PML-N ने जीती हैं, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को 4 सीटों पर जीत मिली है. हालांकि, मतदान के दौरान कई जगह हिंसा, फायरिंग और बैलेट बॉक्स जलाने जैसी घटनाएं भी हुईं.

पहले चरण में मीरपुर, कोटली और भीम्बर जिलों की 13 सीटों पर मतदान कराया गया. मतदान शाम 5 बजे तक चला. इसके बाद जो मतदाता पहले से मतदान केंद्र पर मौजूद थे, उन्हें वोट डालने के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया. इसके बाद मतगणना शुरू हुई.

इन 9 सीटों पर मिली जीत

शुरुआती नतीजों के मुताबिक, PML-N ने LA-1 मीरपुर-1, LA-4 मीरपुर-4, LA-5 भीम्बर-1, LA-6 भीम्बर-2, LA-7 भीम्बर-3, LA-9 कोटली-2, LA-11 कोटली-4, LA-12 कोटली-5 और LA-13 कोटली-6 सीट जीती. वहीं PPP ने LA-2 मीरपुर-2, LA-3 मीरपुर-3, LA-8 कोटली-1 और LA-10 कोटली-3 सीट पर जीत दर्ज की.

मतदान के दौरान LA-9 कोटली-2 के नकयाल इलाके के एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हुई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. पुलिस ने वहां कुछ समय के लिए मतदान रोक दिया. PPP ने दावा किया कि मारे गए व्यक्ति उसकी पार्टी के कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस थे और उन पर PML-N समर्थकों ने गोली चलाई. हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बिलावल भुट्टो ने घटना पर दुख जताया

PPP के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने घटना पर दुख जताया और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और बिना विवाद के होने चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि 12 रिफ्यूजी सीटों का विवाद चुनाव से पहले सुलझाया जाना चाहिए था. उनके मुताबिक, अगर चुनाव विवादित होंगे तो नई सरकार के जनादेश पर भी सवाल उठेंगे.

वहीं LA-6 भीम्बर में दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान कुछ लोगों ने एक बैलेट बॉक्स छीनकर उसमें आग लगा दी. अधिकारियों के अनुसार, उस बैलेट बॉक्स में 232 वोट थे. घटना के बाद दो मतदान केंद्रों पर मतदान रोक दिया गया. जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान कराने का फैसला बाद में लिया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक, बाकी सभी मतदान केंद्रों पर स्थिति सामान्य रही.

यह भी पढे़ं: 3 साल बाद कुवैत ने PAK रक्षा समझौता लागू किया, सऊदी डील से कितना अलग?

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button