
PoK में तथाकथित चुनाव को विदेश मंत्रालय ने किया खारिजImage Credit source: ANI
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) में हो रहे तथाकथित विधानसभा चुनावों को खारिज करते हुए इसे इस्लामाबाद द्वारा क्षेत्र पर अपने ‘अवैध कब्जे’ को वैध ठहराने का एक ‘दिखावटी’ प्रयास बताया. दरअसल, चुनावों को लेकर आ रही खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूरा केंद्र शासित प्रदेश, जिसमें पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला क्षेत्र भी शामिल है, भारत का अभिन्न अंग है.
विदेश मंत्रालय ने इसे ‘कॉस्मेटिक चुनाव’ करार दिया है. रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह चुनावी कवायद पाकिस्तान के अवैध कब्जे और वहां हो रहे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों को छिपाने की कोशिश है. इसके अलावा PoJK में चल रहे विरोध प्रदर्शन पर मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जारी बड़े पैमाने के विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान के आर्थिक शोषण, लोगों के मौलिक अधिकारों से वंचित रखने और प्रशासनिक दमन का नतीजा हैं.
ब्रिटेन में नीरव मोदी के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया जारी
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नीरव मोदी के प्रत्यर्पण मामले पर कहा कि ब्रिटेन में नीरव मोदी के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि भारत सरकार ब्रिटेन में चल रही कानूनी कार्रवाई पर लगातार नजर बनाए हुए है. सरकार ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत सभी भगोड़े आर्थिक अपराधियों को वापस लाकर भारतीय न्याय व्यवस्था के सामने पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है.
भारत-चीन सीमा व्यापार फिर होगा शुरू
भारत-चीन सीमा व्यापार पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि 1 अगस्त से नाथू-ला पास के जरिए भारत-चीन सीमा व्यापार फिर शुरू होगा. मंत्रालय ने कहा कि यह फैसला कोई नया नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच पहले हुई सहमति के तहत लागू किया जा रहा है. मंत्रालय ने 19 अगस्त 2025 की प्रेस विज्ञप्ति का हवाला देते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने तीन निर्धारित व्यापारिक मार्गों, लिपुलेख, शिपकी ला और नाथू-ला पास के जरिए सीमा व्यापार फिर शुरू करने पर सहमति बनाई थी. अब उसी सहमति के तहत तय किए गए कदमों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है. मंत्रालय के मुताबिक, सीमा व्यापार बहाल करने की प्रक्रिया दोनों देशों के बीच पहले से तय समय के अनुरूप आगे बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: भारतीय वायुसेना को जल्द मिलेंगे तेजस MK-1A, GE ने बढ़ाई F404 इंजन की सप्लाई

शिवांग माथुर
शिवांग माथुर टीवी 9 भारतवर्ष में एसोसियेट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं.
Read More