world-news

आपको दोबारा मिलेगी PM USP स्कॉलरशिप? क्या है वेरिफिकेशन और DBT बैंक ट्रांसफर के नियम?

October 12, 2026

Time Updated: Monday, October 12, 2026, 10:56 [IST]

PM USP Scholarship Renewal: कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अक्टूबर का महीना बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। खासकर उन विद्यार्थियों को एक जरूरी काम पूरा करना होगा, जो अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए सरकारी स्कॉलरशिप पर निर्भर हैं। कई बार छात्र पहली बार छात्रवृत्ति मिलने के बाद यह समझ लेते हैं कि आगे की पढ़ाई के दौरान भी उन्हें अपने आप पैसे मिलते रहेंगे। लेकिन ऐसा नहीं है।

आर्थिक सहायता जारी रखने के लिए हर साल कुछ जरूरी नियम पूरे करने होते हैं। इसके अलावा समय पर आवेदन करना भी जरूरी है। अगर छात्र तय तारीख तक प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो उनकी अगली किस्त प्रभावित हो सकती है। ऐसे में जानना जरूरी है कि किन छात्रों को दोबारा आवेदन करना है और इसके लिए क्या करना होगा।

PM USP Scholarship Renewal

31 अक्टूबर तक भरना होगा फॉर्म

शिक्षा मंत्रालय की प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना (PM-USP) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कॉलरशिप रिन्यूअल की प्रक्रिया नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर शुरू हो गई है। जिन छात्रों को पिछले साल इस योजना के तहत छात्रवृत्ति मिली थी, उन्हें आर्थिक सहायता जारी रखने के लिए दोबारा आवेदन करना होगा।

ये भी पढ़ें: 21 नवंबर को खत्म हो रहा अग्निवीरों का पहला बैच! हाथ में मिलेंगे कितने लाख और कहां-कहां मिलेगी नौकरी?

दी गई जानकारी के अनुसार, रिन्यूअल फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

किन छात्रों को मिलेगा लाभ?

PM-USP स्कॉलरशिप का रिन्यूअल कराने के लिए छात्रों को कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी। सबसे पहले जरूरी है कि विद्यार्थी किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी में नियमित रूप से फुल-टाइम कोर्स की पढ़ाई कर रहा हो। इसके अलावा पिछली वार्षिक या सेमेस्टर परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। कॉलेज में छात्र की उपस्थिति भी कम से कम 75 प्रतिशत होनी जरूरी है।

पढ़ाई के दौरान बिना किसी उचित कारण के अंतराल नहीं होना चाहिए। साथ ही छात्र किसी दूसरी सरकारी छात्रवृत्ति या फीस माफी योजना का लाभ नहीं ले रहा हो। इन शर्तों को पूरा करने वाले छात्र अपनी स्कॉलरशिप आगे जारी रखने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?

स्कॉलरशिप रिन्यूअल का फॉर्म भरने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहतर होगा। इससे आवेदन के दौरान गलत जानकारी भरने या दस्तावेज अपलोड करने में परेशानी नहीं होगी।

छात्रों को पिछली कक्षा या सेमेस्टर की मूल मार्कशीट और कॉलेज की ओर से जारी बोनाफाइड सर्टिफिकेट की जरूरत होगी।

इसके अलावा मौजूदा शैक्षणिक वर्ष की फीस रसीद, आधार कार्ड, पहचान पत्र और बैंक पासबुक की कॉपी भी तैयार रखें। सभी दस्तावेज साफ और सही होने चाहिए, ताकि कॉलेज की ओर से जांच के दौरान कोई परेशानी न आए।

ऐसे भरें रिन्यूअल फॉर्म

PM-USP स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्र नीचे दिए गए तरीके से अपना फॉर्म भर सकते हैं।

  • सबसे पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट scholarships.gov.in पर जाएं।
  • अब अपने वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
  • इसके बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए PM-USP CSSS Renewal का विकल्प चुनें।
  • फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पढ़ाई से जुड़े विवरण और बैंक खाते की जानकारी जांचें।
  • जरूरत होने पर सही जानकारी अपडेट करें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें।
  • सभी विवरण जांचने के बाद फॉर्म फाइनल सबमिट करें और आवेदन की रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।

15 नवंबर तक कॉलेज करेगा जांच

छात्रों को ध्यान रखना होगा कि केवल ऑनलाइन फॉर्म जमा करने से स्कॉलरशिप मिलने की प्रक्रिया पूरी नहीं होती है। आवेदन के बाद संबंधित कॉलेज या यूनिवर्सिटी की ओर से छात्र की जानकारी की जांच की जाएगी। इसमें दाखिले, परीक्षा में मिले अंकों और उपस्थिति की पुष्टि की जाएगी।

दी गई जानकारी के मुताबिक, कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर आवेदन की जांच पूरी करने की आखिरी तारीख 15 नवंबर 2026 है। सलिए छात्रों को फॉर्म भरने के बाद अपने कॉलेज के स्कॉलरशिप विभाग से संपर्क करके आवेदन की स्थिति जरूर पता करनी चाहिए।

बैंक खाते में कैसे आएंगे पैसे?

स्कॉलरशिप का आवेदन सही पाए जाने और जरूरी जांच पूरी होने के बाद पात्र छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी।

ऐसे में छात्रों को आवेदन करते समय बैंक खाता संख्या, बैंक की जानकारी और आधार लिंक की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए। अगर बैंक खाते की जानकारी गलत है या आधार लिंक से जुड़ी कोई समस्या है, तो छात्रवृत्ति का भुगतान प्रभावित हो सकता है। छात्र नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं।

ये भी पढ़ें: 8वीं पास से ग्रेजुएट तक को मौका! पटना में 300 पदों के लिए जॉब कैंप, 40 हजार तक मिलेगी सैलरी