world-news

PM Modi Visit: पीएम मोदी के इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजर, पुतिन-शी जिनपिंग से मुलाकात के भी संकेत!

August 29, 2026

PM Modi Central Asia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिन के लिए मध्य एशिया के दौरे पर हैं। इस दौरान वह उज्बेकिस्तान में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और किर्गिस्तान में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चार दिवसीय मध्य एशिया दौरा आज से शुरू हो रहा है। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज रिपब्लिक का दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान वह उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जबकि किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरे को मध्य एशिया के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

सुबह करीब 9 बजे उज्बेकिस्तान के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 9 बजे उज्बेकिस्तान और किर्गिज रिपब्लिक के लिए रवाना होंगे। उज्बेकिस्तान पहुंचने पर उनकी राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और शिक्षा समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। पीएम मोदी का यह उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा होगा।

SCO समिट में क्षेत्रीय सुरक्षा पर भारत का फोकस

उज्बेकिस्तान की यात्रा पूरी करने के बाद पीएम मोदी किर्गिस्तान पहुंचेंगे, जहां 31 अगस्त और 1 सितंबर को 26वें SCO शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, आर्थिक साझेदारी और परिवहन कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री सम्मेलन में इन विषयों पर भारत का पक्ष रखेंगे और SCO के अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं।

पुतिन और शी जिनपिंग से मुलाकात पर भी नजर

SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है। अगर यह बैठक होती है तो दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस के रणनीतिक संबंधों के साथ-साथ रक्षा और ऊर्जा सहयोग जैसे मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं, ऐसे में पीएम मोदी की अन्य प्रमुख नेताओं के साथ संभावित मुलाकातों पर भी दुनिया की नजर रहेगी।

पश्चिम एशिया संकट समेत कई वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा

SCO शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव भी बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल हो सकता है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान पहुंच रहे हैं। ऐसे में सम्मेलन के दौरान होने वाली कूटनीतिक गतिविधियां भी खास तौर पर महत्वपूर्ण रहेंगी।

वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किर्गिस्तान में आयोजित होने वाले 6वें वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए जाना जाता है। पीएम मोदी की इसमें मौजूदगी भारत और मध्य एशियाई देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती देने का संकेत मानी जा रही है।

रणनीतिक और आर्थिक रिश्ते मजबूत करना है मकसद

पीएम मोदी के इस चार दिवसीय दौरे का व्यापक उद्देश्य मध्य एशियाई देशों के साथ भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है। व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, डिजिटल तकनीक, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ भारत क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा में अपनी भूमिका को भी मजबूत करना चाहता है। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा भारत की मध्य एशिया नीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।