Published: Friday, October 2, 2026, 19:35 [IST]
PM Kisan Scam Alert: सरकारी योजना के नाम पर मोबाइल पर आया एक मैसेज महिला को 1.51 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान करा गया। मामला चेची का है, जहां एक महिला के फोन पर पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी जानकारी के नाम पर एक लिंक भेजा गया था। महिला ने इसे योजना से जुड़ा सामान्य मैसेज समझकर लिंक पर क्लिक कर दिया।
इसके कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। परिवार ने जब बैंक पहुंचकर खाते की जांच कराई तो बड़ी रकम गायब होने का पता चला। इसके बाद मामले की ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह घटना उन लोगों के लिए भी अलर्ट है, जो पीएम किसान की किस्त या ई-केवाईसी से जुड़े मैसेज मोबाइल पर मिलने के बाद बिना जांच किए लिंक खोल देते हैं।
लिंक खोलते ही खाते से निकले पैसे
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक चेची निवासी सुगना बाई धाकड़ के मोबाइल पर पीएम किसान सम्मान निधि के नाम से मैसेज आया था। इसमें योजना से जुड़ी जानकारी देखने के लिए एक लिंक दिया गया था। सुगना बाई ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनके राजस्थान ग्रामीण बैंक के खाते से पैसे कटने का मैसेज आ गया। बैंक जाकर खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि कुल 1 लाख 51 हजार 917 रुपये गायब हो चुके हैं। इसके बाद परिवार ने साइबर फ्रॉड की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: दुर्गा पूजा या दिवाली कब आएगी पीएम किसान की 24वीं किस्त? तारीख पर बड़ा अपडेट
PM Kisan के नाम पर आए लिंक से सावधान
साइबर ठग सरकारी योजनाओं के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को फंसाने की कोशिश कर सकते हैं। पीएम किसान की किस्त, ई-केवाईसी, बैंक खाता अपडेट या लाभार्थी की जानकारी देखने के बहाने संदिग्ध लिंक भेजे जा सकते हैं। ऐसे में पीएम किसान के नाम से मैसेज आने का मतलब यह नहीं है कि वह सरकार की तरफ से ही भेजा गया है। अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना जरूरी है। पीएम किसान की किस्त, ई-केवाईसी और लाभार्थी से जुड़ी जानकारी केवल योजना के आधिकारिक सरकारी पोर्टल से चेक करना बेहतर है।
पैसे कट जाएं तो तुरंत करें ये काम
अगर किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद बैंक खाते से बिना अनुमति पैसे निकल जाएं तो तुरंत बैंक को इसकी जानकारी दें। वित्तीय साइबर फ्रॉड की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी की जा सकती है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
किसी अनजान लिंक पर अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक पासवर्ड या कार्ड से जुड़ी निजी जानकारी दर्ज करने से भी बचना चाहिए।
ये भी पढ़ें: क्या पति और पत्नी दोनों को मिल सकते हैं 2000-2000 रुपये? 24वीं किस्त से पहले जान लें PM किसान का नियम