Pind Daan in Gaya Benefits: पितृ पक्ष में पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनका आशीर्वाद पाने के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा है. हिंदू धर्म में इस दौरान पितरों का विधि-विधान से श्राद्ध करने का विशेष महत्व बताया गया है. देश में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पितरों के लिए पिंडदान किया जाता है, लेकिन बिहार के गया जी को पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए सबसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों में से एक माना जाता है.
लेकिन आखिर गया में पिंडदान करना इतना खास और प्रचलित क्यों है? क्या सच में गया में पिंडदान करने से सात पीढ़ियों के पितरों को लाभ मिलता है? धार्मिक मान्यताओं में गया में किए गए श्राद्ध और पिंडदान को पितरों की मुक्ति से जोड़ा गया है. यही वजह है कि पितृ पक्ष के दौरान देशभर से लोग अपने पूर्वजों के निमित्त यहां पिंडदान करने पहुंचते हैं.
क्या सात पीढ़ियों का होता है उद्धार?
धार्मिक ग्रंथों और पौराणिक मान्यताओं में गया को पितरों के श्राद्ध के लिए बेहद पवित्र स्थान बताया गया है. ऐसी मान्यता है कि यहां भगवान विष्णु का वास है और इसी कारण गया को पितरों की मुक्ति से जुड़ा प्रमुख तीर्थ माना जाता है. विष्णु पुराण और वायु पुराण में भी गया की महिमा का वर्णन मिलता है. गया में विधि-विधान से पिंडदान और श्राद्ध करने से पितरों को शांति और मुक्ति मिलती है. गरुड़ पुराण के अनुसार, यहां पिंडदान करने से 108 कुल और सात से अधिक पीढ़ियों तक के पितरों का उद्धार होता है.
भगवान राम ने भी किया था पिंडदान
गया में पिंडदान की महिमा से जुड़ी एक प्रमुख पौराणिक कथा भगवान श्रीराम से जुड़ी है. मान्यता है कि त्रेता युग में भगवान राम ने माता सीता और लक्ष्मण के साथ फल्गु नदी के तट पर अपने पिता राजा दशरथ का पिंडदान किया था. इसी वजह से गया का संबंध पितरों के श्राद्ध कर्म से और भी गहरा माना जाता है.
गया में पिंडदान का महत्व
मोक्ष की भूमि:- विष्णु पुराण और वायु पुराण में गया को मोक्ष की भूमि कहा गया है. यहां स्वयं भगवान विष्णु पितृ देवता के रूप में मौजूद हैं.
मोक्ष की प्राप्ति:- मान्यता है कि गया में पिंडदान करने से दिवंगत आत्मा को सीधे स्वर्ग या मोक्ष की प्राप्ति होती है और वे पुनर्जन्म के चक्र से मुक्त हो जाते हैं.
पितृ ऋण से मुक्ति:- ऐसा माना जाता है कि गया में पिंडदान करने से व्यक्ति अपने पितृ ऋण से पूरी तरह मुक्त हो जाता है.
परिवार में शांति और समृद्धि:- पितृगणों के तृप्त होने से जीवित वंशजों को सुख, शांति, आरोग्य और वंश वृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
पापों का नाश:- धार्मिक मान्यता है कि गयाजी में श्राद्ध करने से समस्त प्रकार के पापों और दोषों का विनाश हो जाता है.
उद्धार:- यहां विधि-विधान से पिंडदान करने पर 108 कुल और 7 से अधिक पीढ़ियों की आत्मा को शांति और मुक्ति मिलती है.
गया में पिंडदान के नियम
- पिंडदान के दौरान साफ-सुथरे सफेद या पीले वस्त्र पहनें. काला या नीला कपड़ा पहनना वर्जित माना गया है.
- इस दौरान सात्विक भोजन करें और लहसुन, प्याज, मांस या मदिरा का सेवन पूरी तरह से त्याग दें.
- अनुष्ठान के लिए किसी अनजान व्यक्ति के बजाय अपने परिवार के पारंपरिक स्थानीय गयावाल पंडा या प्रमाणित पुरोहितों से ही संपर्क करें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More