world-news

प्रयागराज में लोअर भर्ती PET कटऑफ घटाने की मांग: छात्रों ने CM, राष्ट्रपति और NHRC को ज्ञापन सौंपा; दिल्ली घटना की जांच भी मांगी - Prayagraj (Allahabad) News

July 22, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Prayagraj
  • Prayagraj Students Protest UPSSSC PET Cut off | Memorandum Submitted To CM

सचिन प्रजापति | प्रयागराज5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज में संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की लोअर अधीनस्थ सेवा भर्ती में PET की कटऑफ कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, आयोग के अध्यक्ष, राष्ट्रपति और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को ज्ञापन सौंपा।

छात्र प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि कई वर्षों बाद आयोजित हुई इस भर्ती में PET की कटऑफ अत्यधिक निर्धारित की गई है। इसके कारण लाखों योग्य अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो गए हैं। छात्रों का तर्क है कि यह समान अवसर और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के विपरीत है।

छात्र संगठन ने आयोग से 'न्यूनतम कटऑफ, अधिकतम अवसर' के सिद्धांत को लागू करने की अपील की। उन्होंने मांग की कि PET कटऑफ को एक तर्कसंगत स्तर पर निर्धारित किया जाए, जिससे कम से कम चार लाख अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिल सके।

इसके अतिरिक्त, भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी और छात्र हितैषी बनाने तथा छात्र प्रतिनिधियों के साथ जल्द संवाद शुरू करने की भी मांग की गई।

छात्र संगठन ने दिल्ली में आयोजित छात्र संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित बल प्रयोग के मामले को लेकर भी राष्ट्रपति और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को एक अलग ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।

छात्रों ने मांग की कि यदि जांच में अनावश्यक या अवैधानिक बल प्रयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने घायल छात्रों को उचित चिकित्सा सहायता और राहत प्रदान करने की भी अपील की।

इसके साथ ही, भविष्य में शांतिपूर्ण छात्र आंदोलनों के दौरान मानवाधिकारों और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।

.