PET देने के लिए दूसरे जिलों से अलीगढ़ पहुंचे अभ्यर्थियों की मुश्किलें परीक्षा से पहले ही शुरू हो गईं। शनिवार देर रात रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी। ठहरने का इंतजाम नहीं होने से तमाम अभ्यर्थियों को रेलवे स्टेशन के पार्कि
.

स्टेशन पर पढ़ाई करता अभ्यर्थी।
अलीगढ़ पहुंचे ज्यादातर परीक्षार्थी औरैया, इटावा और मैनपुरी समेत कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों से आए हैं। रात में स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों ने बताया कि सफर पूरा होने के बाद भी परेशानी खत्म नहीं हुई। भीड़ के बीच रात बिताने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र की लोकेशन पता कर समय से वहां पहुंचने की तैयारी करनी पड़ रही है।

स्टेशन पर खाना खाते अभ्यर्थी।
स्टेशन पर बैठकर पढ़ाई, वहीं खाने और आराम का इंतजाम रेलवे स्टेशन के पार्किंग और वेटिंग एरिया में परीक्षार्थियों का जमावड़ा लगा रहा। कोई किताबें खोलकर बैठा था, तो कोई अपने साथ लाए खाने से काम चला रहा था। कई अभ्यर्थी बैठकर ही आराम करने की कोशिश कर रहे थे। बाहर से आए इन युवाओं के सामने रात गुजारने के साथ सुबह परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की चुनौती थी। बोले अभ्यर्थी

सौरभ कुमार।

परीक्षा देने के लिए अलीगढ़ पहुंचे हैं, लेकिन यहां आने के बाद भीड़ के कारण परेशानी हो रही है। रात बिताने के लिए स्टेशन पर ही रुकना पड़ा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र का पता लगाने की मशक्कत भी करनी पड़ रही है। समय से केंद्र पहुंचना जरूरी है, इसलिए पहले उसकी सही लोकेशन पता करना चुनौती है।-सौरभ, निवासी औरैया


बाहर से अलीगढ़ आने के बाद ठहरने की व्यवस्था नहीं होने से स्टेशन पर ही रात गुजारनी पड़ रही है। यहां काफी भीड़ है, जिससे परेशानी हो रही है। परीक्षा केंद्र तलाशने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ रही है। अब कोशिश है कि केंद्र का पता समय से मिल जाए, ताकि परीक्षा छूटने जैसी कोई दिक्कत न हो।-सचिन, निवासी मैनपुरी


सचिन कुमार।
तीन दिन में 1.14 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा अलीगढ़ में PET के लिए 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन दिन में कुल 1,14,624 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। रविवार, 25 अक्टूबर को पहले दिन दोनों पालियों में करीब 20 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इसके बाद 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए रोडवेज ने हाथरस और अतरौली से 100 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर बस स्टेशनों और कार्यशालाओं में ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए सेक्टर, स्टेटिक और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। शहर में यातायात डायवर्जन भी लागू रहेगा। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा से पहले केंद्र की लोकेशन सुनिश्चित करना और पर्याप्त समय लेकर निकलना जरूरी है, ताकि भीड़ और यातायात के कारण परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी न हो।