sports

PAK vs SL ODI: पाकिस्तान ने का जीत से आगाज, सलमान-शाहीन के दम पर श्रीलंका को हराया

October 18, 2026

PAK vs SL ODI: पाकिस्तान ने का जीत से आगाज, सलमान-शाहीन के दम पर श्रीलंका को हराया

कप्तान शाहीन ने टीम की जीत में खास योगदान दियाImage Credit source: PTI

पाकिस्तान में शुरू हुई तीन देशों की वनडे सीरीज का आगाज मेजबान टीम के लिए अच्छा साबित हुआ. पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही इस सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में खेला गया. इस पहले मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हरा दिया. सलमान आगा के शानदार शतक और फिर कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के 3 विकेट के दम पर पाकिस्तान ने 305 रन का स्कोर डिफेंड करते हुए जीत दर्ज की.

सलमान के शतक से पाकिस्तान का बड़ा स्कोर

रविवार 18 अक्टूबर को खेले गए मैच में पाकिस्तान ने सिर्फ 32 रन तक दोनों ओपनर के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद बाबर आजम (45) और डेब्यू कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज साद बेग (39) ने 74 रन की साझेदारी की. मगर बाबर फिर से शॉर्ट गेंद का शिकार बन गए. इसके बाद सलमान आगा जम गए और उन्होंने बाकी बल्लेबाजों की थोड़ी बहुत मदद से टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया.

हाल ही में पाकिस्तान की टी20 कप्तानी से हटाए गए सलमान ने 84 गेंदों में अपने वनडे करियर का चौथा शतक पूरा किया और 107 रन की पारी खेलकर आउट हुए. उनकी इस पारी के दम पर ही पाकिस्तान ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 305 रन बनाए, जो जीत के लिए काफी रहे. श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज इशान मलिंगा ने बाबर समेत 4 बल्लेबाजों को आउट किया.

शाहीन ने श्रीलंका को किया ढेर

दूसरी ओर श्रीलंका की शुरुआत भी खास नहीं रही और 91 रन तक ही 4 विकेट गिर गए थे. इसमें से 2 विकेट कप्तान शाहीन ने लिए थे. यहीं पर जनिथ लियानगे (60) और पवन रत्नायके (79) के बीच 119 रन की तेज साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका की मैच में वापसी कराई. मगर 210 के स्कोर पर ये साझेदारी टूटी और फिर शाहीन ने दासुन शानका की ताबड़तोड़ बैटिंग पर रोक लगाई. देखते ही देखते पूरी टीम 48.1 ओवर में 268 रन पर ऑल आउट हो गई.

पाकिस्तान का अगला मैच इंग्लैंड से

सीरीज का अगला मैच अब 20 अक्टूबर को रावलपिंडी में ही होगा, जिसमें पाकिस्तान का सामना इंग्लैंड से होगा. शाहीन अफरीदी की टीम के लिए ये मैच असली चुनौती पेश करेगा, क्योंकि हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में है और लगातार जीत हासिल कर रही है. ऐसे में पाकिस्तानी टीम की ये जीत कितनी दमदार है, इसका सही आकलन इंग्लैंड के खिलाफ उसके प्रदर्शन से ही होगा.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button