world-news

नाभा में कांग्रेस नेता यादविंदर पाल सिंह ने ठोकी दावेदारी: नशे-OSD विवाद पर CM पर साधा निशाना; कहा-AAP जुमलों की सरकार - Nabha News

October 7, 2026

पटियाला जिले के नाभा हलके से कांग्रेस नेता एडवोकेट यादविंदर पाल सिंह ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने दर्जनों गांवों का दौरा किया और मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार की कार्यप्रणाली पर ती

.

एडवोकेट यादविंदर पाल सिंह ने बताया कि उनका टकसाली कांग्रेसी परिवार 1967 से पार्टी के साथ जुड़ा हुआ है। नाभा हलका उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि वे पहले से ही इसी तहसील का हिस्सा रहे हैं।

जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने रामगढ़, थूही, डहेड़ा कलां, डहेड़ा खुर्द, अगेता, अगेती, निरमाणा, गुणीके, कनौड़की, बीनाहेड़ी, छज्जू भट्ट, ककराला, बौड़ा कलां, बौड़ा खुर्द, कलियाणा और कालेमाजरा सहित कई गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और नाभा शहर के लोगों से भी रूबरू हुए।

कांग्रेस एक अनुशासित और सेक्युलर पार्टी

यादविंदर पाल सिंह ने कांग्रेस को एक अनुशासित और सेक्युलर पार्टी बताया, जहां सभी धर्मों और जातियों का पूरा मान-सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी अहम फैसले हाईकमान द्वारा लिए जाते हैं। उन्होंने पंजाब प्रभारी सचिन पायलट की दूरंदेशी और नवनियुक्त पंजाब प्रधान (ओलिंपियन) परगट सिंह के तजुर्बे की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे परगट सिंह को टीम को एकजुट रखने का अनुभव है, जिससे 2027 में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

ओएसडी मामले में सीएम से मांगा इस्तीफा

सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री के ओएसडी और डीजीपी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। इस मामले में दो महीने के भीतर सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए मुख्यमंत्री से तुरंत इस्तीफे की मांग की है।

आप सरकार को बताया जुमलों और फ्लैक्स बोर्ड वाली सरकार

मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल फ्लैक्स बोर्ड और 'जुमलों' वाली सरकार है, जिसने विकास के नाम पर लोगों को सिर्फ गुमराह किया है। इसके विपरीत, उन्होंने कांग्रेस को देशभक्तों और गरीबों की सच्ची हितैषी पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के लिए योजनाएं बनाई हैं, लेकिन कई बार इन योजनाओं का फायदा जरूरतमंदों की बजाय पूंजीपति उठा ले जाते हैं, जिस पर रोक लगनी चाहिए और लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।

नाभा में सीवरेज की समस्या का होगा स्थायी हल

2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर अपने विजन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों का विकास उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नाभा शहर की मुख्य समस्या 'सीवरेज' का जिक्र करते हुए वादा किया कि इसे पहल के आधार पर हल करवाया जाएगा।

पंजाब में बढ़ता नशा और कानून व्यवस्था बेहद चिंताजनक

पंजाब में बढ़ते नशे, विशेषकर 'चिट्टे' की आसान उपलब्धता पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों की इस पवित्र धरती पर नशा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण अपराधी चोरी और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचकते। उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर सख्ती से नहीं निपटा गया, तो पिछले साढ़े चार साल से चला आ रहा यह गंभीर मसला कभी हल नहीं होगा।