सैफ अली खान ने 'ओमकारा' में अपने यादगार किरदार लंगड़ा त्यागी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक फोन कॉल ने उन्हें करियर की सबसे बेहतरीन भूमिकाओं में से एक दिला दी।
सैफ अली खान फिल्म 'ओमकारा' में 'लंगड़ा त्यागी' के किरदार में नजर आए थे।
- Published: 16 Jul 2026, 07:08 PM IST
- Last Updated: 16 Jul 2026, 07:08 PM IST
Omkara Movie: निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म ओमकारा कल्ट फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म में अभिनेता सैफ अली खान ने लंगड़ा त्यागी का रोल निभाकर अपने करियर की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस दी, जिसे लोग आज भी पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जनते हैं, सैफ अली खान इस फिल्म में अजय देवगन का रोल पाना चाहते थे। हालांकि इस फोन कॉल की वजह से उन्हें ये किरदार न मिला, और बने गए आइकॉनिक 'लंगड़ा त्यागी'। जानिए दिलचस्प किस्सा...
सैफ ने हाल ही में अपनी सुपरहिट फिल्म 'ओमकारा' से जुड़ी एक दिलचस्प याद साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म में लंगड़ा त्यागी का यादगार किरदार उन्हें एक ऐसे संयोग के चलते मिला, जिसे वह आज भी किसी चमत्कार से कम नहीं मानते। सैफ ने खुलासा किया कि उस समय वह अपनी मां और दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर से शेक्सपियर के किरदारों पर चर्चा कर रहे थे, तभी निर्देशक विशाल भारद्वाज का फोन आया और उनकी जिंदगी बदल गई।

मां की सलाह के कुछ ही देर बाद आया विशाल भारद्वाज का फोन
IMDb से बाचतीत में सैफ अली खान ने बताया कि वह उस समय जयपुर में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मां शर्मिला टैगोर से बातचीत हुई, जिन्होंने उन्हें शेक्सपियर पर आधारित किसी फिल्म में काम करने की सलाह दी।
सैफ के मुताबिक, उन्होंने भी इस इच्छा को जाहिर किया, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों बाद निर्देशक विशाल भारद्वाज का फोन आएगा। विशाल ने उन्हें बताया कि वह शेक्सपियर के नाटक 'ओथेलो' पर फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। यह सुनकर सैफ हैरान रह गए क्योंकि कुछ देर पहले ही उनकी मां ने भी यही सुझाव दिया था।
अजय देवगन वाला किरदार नहीं मिला
सैफ को शुरुआत में लगा कि शायद उन्हें फिल्म में ओथेलो (ओमकारा) का मुख्य किरदार निभाने का मौका मिलेगा, जिसे बाद में अभिनेता अजय देवगन ने निभाया। लेकिन जब उन्होंने विशाल भारद्वाज से इस बारे में पूछा तो निर्देशक ने मुस्कुराते हुए कहा, "तुम ओथेलो का किरदार निभाने के लिए बहुत हैंडसम हो।"
इसके बाद विशाल ने उन्हें फिल्म के सबसे दमदार किरदारों में से एक लंगड़ा त्यागी का रोल ऑफर किया।
'दिल चाहता है' से प्रभावित होकर मिला था रोल
सैफ ने बताया कि उन्हें यह जानने की उत्सुकता थी कि आखिर विशाल भारद्वाज ने उन्हें इस नकारात्मक किरदार के लिए क्यों चुना। इस पर निर्देशक ने बताया कि उन्होंने फिल्म 'दिल चाहता है' में सैफ के अभिनय को देखकर महसूस किया था कि वह इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को बखूबी निभा सकते हैं।
यह जवाब सुनकर सैफ खुद भी हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें कभी नहीं लगा था कि एक हल्के-फुल्के और आकर्षक किरदार की वजह से उन्हें इतना गंभीर और खतरनाक रोल मिलेगा।
'लंगड़ा त्यागी' बना करियर का यादगार किरदार
साल 2006 में रिलीज हुई 'ओमकारा' में सैफ अली खान ने लंगड़ा त्यागी का किरदार निभाकर दर्शकों और समीक्षकों दोनों की खूब तारीफ बटोरी थी। फिल्म में उनका नकारात्मक किरदार आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार विलेन में गिना जाता है।
इस भूमिका के लिए सैफ को कई पुरस्कार भी मिले और इसे उनके अभिनय करियर का टर्निंग पॉइंट माना जाता है।