परेश रावल ने दावा किया है कि OMG 2 पहले उनकी कहानी थी जिसके लिए उन्हें मेकर्स ने क्रेडिट नहीं दिया। इस विवाद पर अब फिल्म के निर्माता अश्विन वार्डे ने खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने अभिनेता के आरोपों को बेबुनियाद बताया।
OMG 2 कॉन्ट्रोवर्सी पर प्रोड्यूसर ने तोड़ी चुप्पी
- Published: 17 Jul 2026, 07:10 PM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 07:10 PM IST
OMG 2 Paresh Rawal: साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ओह माय गॉड 2 को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। हाल ही में अभिनेता परेश रावल ने दावा किया था कि फिल्म की ओरिजनल कहानी उनकी थी और उन्हें इसका श्रेय नहीं दिया गया। अब फिल्म के निर्माता अश्विन वार्डे ने परेश के बयानों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
अश्विन वार्डे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अभिनेता के दावे बेबुनियाद हैं और फिल्म की मकिंग वास्तविक प्रक्रिया बिल्कुल अलग थी।
ऐसे शुरू हुई थी 'OMG 2' की कहानी
वार्डे के अनुसार, एक्टर पवन मल्होत्रा ने उन्हें राइटर-डायरेक्टर अमित राय से मिलवाया था। वे दोनों शुरू में किसी दूसरे प्रोजेक्ट के लिए मिले थे, लेकिन बाद में हुई बातचीत के दौरान राय ने उन्हें उस आइडिया के बारे में बताया जो आगे चलकर 'OMG 2' बना।
वार्डे ने कहा कि इस कहानी के बारे में सुनते ही उन्हें तुरंत 'OMG' की याद आ गई। उन्होंने दावा किया कि रावल के कहने पर कि कहानी ओरिजिनल फिल्म जैसी ही रखी जाए, राय ने इसे उसी तरह के फॉर्मैट में लिखा था।
हालांकि, वार्डे को फ्रैंचाइज़ी के राइट्स की चिंता थी। उन्होंने कहा, "अक्षय कुमार या उनकी मंजूरी के बिना 'OMG' नहीं बनाई जा सकती, क्योंकि मुझे फिल्म के IP अधिकार उन्हीं के पास हैं।"

'अनऑफिशियल OMG' बनाने की कोशिश का आरोप
निर्माता ने आरोप लगाया कि परेश रावल बिना आधिकारिक अनुमति के 'OMG' जैसी फिल्म किसी दूसरे नाम से बनाने की कोशिश कर रहे थे। उनके मुताबिक, यह पेशेवर और नैतिक रूप से सही तरीका नहीं था। इसलिए उन्होंने इस प्रोजेक्ट को सही प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने का फैसला किया।
अमित राय ने लिखी OMG 2
अश्विन वार्डे ने स्पष्ट किया कि 'OMG 2' की पूरी स्क्रिप्ट लेखक और निर्देशक अमित राय के नाम पर ही पंजीकृत है।
उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी का आधिकारिक श्रेय हमेशा अमित राय को ही दिया गया है और परेश रावल ने कभी भी शुरुआती बैठकों के दौरान कहानी के क्रेडिट की कोई मांग नहीं की थी।
कई कलाकारों ने भी ठुकराई थी स्क्रिप्ट
निर्माता के अनुसार, इस कहानी को लेकर कई कलाकारों से बातचीत की गई थी, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए फिल्म करने से इनकार कर दिया कि इसकी कहानी 'OMG' से काफी मिलती-जुलती है और यह फ्रेंचाइजी अक्षय कुमार से जुड़ी हुई है।
इसके बाद उनकी कंपनी ने आधिकारिक रूप से स्क्रिप्ट के अधिकार हासिल किए और फिल्म पर काम शुरू किया।
परेश रावल को पहले दिया गया था ऑफर
अश्विन वार्डे ने बताया कि फिल्म में अभिनय के लिए सबसे पहले परेश रावल से ही संपर्क किया गया था। उन्होंने कहा कि जब अभिनेता को बताया गया कि स्क्रिप्ट पहले अक्षय कुमार को दिखाई जाएगी, तो उनकी प्रतिक्रिया देखकर वह हैरान रह गए।
निर्माता का दावा है कि इसके बावजूद अक्षय कुमार ने भी परेश रावल को फिल्म से जुड़ने के लिए मनाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने काम करने से इनकार कर दिया।
'योगदान नहीं, फिर भी मिला प्रोड्यूसर क्रेडिट'
अश्विन वार्डे ने यह भी दावा किया कि परेश रावल की पत्नी स्वरूप परेश रावल और उनके बिजनेस पार्टनर के जरिए अभिनेता को फिल्म में निर्माता का क्रेडिट दिया गया था, जबकि उनके अनुसार परियोजना में उनका कोई प्रत्यक्ष योगदान नहीं था।
निर्माता ने यह भी कहा कि परेश रावल को तय पारिश्रमिक का पूरा भुगतान किया गया और उनके साथ किसी तरह की बेईमानी नहीं हुई।