world-news

Odisha: पत्नी के बर्थडे पर घर पहुंचा पति, संदिग्ध हालात में मौत; परिजनों ने कहा- पत्नी और उसके प्रेमी ने की हत्या - Haribhoomi

July 19, 2026

ओडिशा के बालासोर में एक व्यक्ति पत्नी को जन्मदिन पर सरप्राइज देने घर पहुंचा, लेकिन संदिग्ध हालत में उसका शव मिला। परिजनों ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है।

Odisha Balasore man found dead

ओडिशा के बालासोर जिले में पत्नी को जन्मदिन का सरप्राइज देने घर आए व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

  • Published: 19 Jul 2026, 09:46 AM IST
  • Last Updated: 19 Jul 2026, 09:46 AM IST

Balasore murder case: ओडिशा के बालासोर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी को जन्मदिन का सरप्राइज देने घर आए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला सहदेवखूंटा पुलिस थाना क्षेत्र का है।

मृतक मूल रूप से ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने और उसे सरप्राइज देने के लिए घर आया था। लेकिन उसके घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का शक
मृतक के भाई पवित्र कुमार सेठी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि उनके भाई ने आत्महत्या कर ली है। पवित्र कुमार ने दावा किया कि उनका भाई पत्नी को जन्मदिन की बधाई देने घर गया था, लेकिन वहां उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि इस वारदात को पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
सहदेवखूंटा थाना प्रभारी आलोक कुमार बेहरा ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत का असली कारण केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर लगाए गए आरोपों की भी पुष्टि कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।