world-news

फर्जी NOC मामले में हरियाणवी इन्फ्लुएंसर को हुई जेल: अनअप्रूव्ड जमीन के फर्जी एनओसी के लिए 60 हजार दिए; नगर परिषद ने शिकायत दी - Sonipat News

August 26, 2026

पुलिस ने हरियाणवी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बसंत जांगड़ा और उसके साथी अंकुर को गिरफ्तार किया है।

सोनीपत के गोहाना में जमीन की फर्जी NOC तैयार करवाने और इसके लिए नगर परिषद के सफाई कर्मचारी के माध्यम से पैसे के लेन-देन के आरोप में पुलिस ने हरियाणवी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बसंत जांगड़ा और उसके साथी अंकुर को गिरफ्तार किया है।

.

दोनों आरोपियों पर नगर परिषद की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों ने नगर परिषद से NOC प्राप्त करने के लिए नियमों के विपरीत दस्तावेज तैयार करवाए। हाई कोर्ट के आदेश के बाद दोनों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।

बसंत जांगड़ा हरियाणा से जुड़े लोकप्रिय सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर हैं।

बसंत जांगड़ा हरियाणा से जुड़े लोकप्रिय सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर हैं।

4 जून को नगर परिषद ने दी थी पुलिस को शिकायत

थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि गोहाना नगर परिषद की ओर से 4 जून 2026 को पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि गोहाना की कृष्णा कॉलोनी में ड्रेन नंबर-6 के नजदीक करीब 540 वर्ग गज जमीन थी, जो दो हिस्सों में बेची गई थी। जमीन का एक हिस्सा 270 वर्ग गज का था।

पुलिस के अनुसार, 270 वर्ग गज जमीन पहले रेनू के नाम थी। बाद में यह जमीन ज्योति के पास चली गई और उसकी रजिस्ट्री भी करवाई गई। इसके बाद जमीन से संबंधित NOC लेने के लिए नगर परिषद में प्रक्रिया शुरू की गई।

अनअप्रूव्ड जमीन होने के कारण नहीं बनी NOC

थाना प्रभारी के अनुसार नगर परिषद के रिकॉर्ड और प्रक्रिया के मुताबिक जमीन अनअप्रूव्ड थी। इसी वजह से सामान्य प्रक्रिया के तहत NOC जारी नहीं हो सकती थी। इसके बाद बसंत और अंकुर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी रवि के संपर्क में आए।

पुलिस का आरोप है कि दोनों ने रवि के माध्यम से NOC तैयार करवाने की कोशिश की। इस दौरान कुल 60 हजार रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है।

दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया

दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया

60 हजार रुपये लेने का आरोप

पुलिस के मुताबिक NOC तैयार करवाने के लिए रवि को 60 हजार रुपये दिए गए। इनमें से 45 हजार रुपये की रसीद दी गई, जबकि 15 हजार रुपये रवि के खाते में जाने की बात सामने आई है। नगर परिषद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर उस मोबाइल फोन के बारे में जानकारी मिली, जिस पर NOC तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान OTP आया था। पुलिस ने संबंधित मोबाइल को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल में लेन-देन से संबंधित रसीद भी मिली है।

फर्जी NOC के आधार पर जमीन का काम आगे बढ़ाने का आरोप

थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि जांच में सामने आया कि बसंत और अंकुर आपस में दोस्त हैं और दोनों गोहाना के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार दोनों ने रवि से संपर्क किया और उसके माध्यम से जमीन की NOC तैयार करवाई। पुलिस ने इसी आधार पर दोनों को मामले में आरोपी बनाया। हाई कोर्ट के आदेश के बाद दोनों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े मोबाइल और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया। रिमांड पूरा होने के बाद अदालत के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।

रवि की अग्रिम जमानत पर सुनवाई लंबित

इस मामले में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी रवि का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार रवि के खिलाफ भी मामले में कार्रवाई चल रही है, जबकि उसकी अग्रिम जमानत की याचिका अदालत में लंबित है। पुलिस पूरे मामले में जमीन की NOC तैयार करने, पैसे के लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

बसंत जांगड़ा अपने प्रैंक और मनोरंजक वीडियो के लिए सोशल मीडिया पर पहचान रखते हैं।

बसंत जांगड़ा अपने प्रैंक और मनोरंजक वीडियो के लिए सोशल मीडिया पर पहचान रखते हैं।

अब जानिए कौन है हरियाणवी इन्फ्लुएंसर बसंत जांगड़ा…

कॉमेडी और फ्लर्टिंग प्रैंक कंटेंट बनाकर पॉपुलर हुए: बसंत जांगड़ा हरियाणा से जुड़े लोकप्रिय सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर हैं। वह खास तौर पर अपने प्रैंक और मनोरंजक वीडियो के लिए सोशल मीडिया पर पहचान रखते हैं। उनके वीडियो में आम लोगों के साथ हल्के-फुल्के मजाक, कॉमेडी और फ्लर्टिंग प्रैंक को कंटेंट के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। बसंत जांगड़ा मूल रूप से सोनीपत जिले से बताए जाते हैं। वह दिल्ली के कनॉट प्लेस और मुंबई जैसे बड़े शहरों के सार्वजनिक स्थानों पर वीडियो शूट करते रहे हैं। उनके वीडियो में आम लोगों के साथ बातचीत और मजाकिया परिस्थितियां बनाकर मनोरंजन करने का प्रयास किया जाता है।

यूट्यूब पर लाखों की फैन फॉलोइंग: बसंत जांगड़ा का यूट्यूब चैनल उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता का सबसे बड़ा माध्यम है। उनके चैनल पर 31 लाख से अधिक सब्सक्राइबर बताए जाते हैं और वह अब तक हजारों वीडियो अपलोड कर चुके हैं। उनके वीडियो में प्रैंक, कॉमेडी और लोगों के साथ बातचीत पर आधारित कंटेंट प्रमुखता से शामिल रहता है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो के बड़े स्तर पर व्यूज आने के कारण उनकी अलग पहचान बनी है। इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय: यूट्यूब के अलावा बसंत जांगड़ा इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं। यहां वह अपने वीडियो के छोटे हिस्से, रील्स और अन्य सोशल मीडिया अपडेट साझा करते हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं।

यह है बसंत जांगड़ा के वीडियो का अंदाज:बसंत जांगड़ा के वीडियो में मजाकिया संवाद और वन-लाइनर्स उनकी पहचान माने जाते हैं। उनके कंटेंट में अक्सर प्यार, पार्टनर और रोजमर्रा की बातचीत से जुड़े फनी डायलॉग इस्तेमाल किए जाते हैं। वीडियो की शुरुआत में उनका एक खास अंदाज भी देखने को मिलता है। वह दर्शकों से अक्सर "हेलो हांजी, क्या हाल है, अरे यार खुश रहा करो" जैसे संवाद के साथ बातचीत शुरू करते हैं। यही अंदाज उनके नियमित दर्शकों के बीच उनकी पहचान बन चुका है। हालांकि, जमीन की NOC से जुड़े मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम स्थिति अदालत में होने वाली कार्यवाही और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट होगी।