world-news

आतंकी को ढूंढने गई थी NIA, गलती से खटखटाया किसी और का दरवाजा! स्कूटी रोकी तो बैग में मिले 20 लाख

September 8, 2026

Time Published: Tuesday, September 8, 2026, 15:20 [IST]

Patna NIA Raid: पटना में NIA की छापेमारी के दौरान करीब 20 लाख रुपये कैश मिलने से हड़कंप मच गया। चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से स्कूटी की डिक्की में झोले के अंदर नकदी बरामद हुई।

वहीं, NIA ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई जुडियो मॉल के पास स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में हुई। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां बरामद रकम के स्रोत और दोनों युवकों के कनेक्शन की जांच कर रही हैं।

Patna NIA Raid

NIA की छापेमारी में पकड़ा गया युवक

पटना के चित्रगुप्त नगर इलाके में NIA की टीम एक फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम गलती से दूसरे फ्लैट में चली गई। पुलिस के मुताबिक, NIA की टीम को देखकर वहां रहने वाला युवक घबरा गया और भागने लगा। अपार्टमेंट के नीचे पहले से STF और स्थानीय पुलिस मौजूद थी। युवक स्कूटी से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

ये भी पढे़ं: Pahalgam Attack का मास्टरमाइंड हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, NIA चार्जशीट में क्या-क्या खुलासे हुए

स्कूटी की डिक्की से मिले 20 लाख रुपये

पुलिस ने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो स्कूटी की डिक्की से करीब 20 लाख रुपये नकद मिले। बताया गया कि रकम एक झोले के अंदर रखी हुई थी। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसके पास इतनी नकदी कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था।

आधार कार्ड से हुई अनमोल की पहचान

चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के अनुसार, आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल उससे लगातार पूछताछ कर रही है। बरामद 20 लाख रुपये के बारे में उससे जानकारी मांगी गई है, लेकिन अब तक वह रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।

ये भी पढे़ं: जाना था दिल्ली रूट चली गई सासाराम लाइन पर! बिहार-महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, स्टेशन मास्टर सस्पेंड

कुसुम इनफिनिटी से एक और युवक हिरासत में

NIA की कार्रवाई के दौरान आतंकी गतिविधियों से जुड़े बताए जा रहे एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट नंबर 609 से एक मोस्टवांटेड व्यक्ति को पकड़ा गया है। NIA की टीम उसे अपने साथ ले गई है। हालांकि, इस युवक की पहचान और उसके खिलाफ लगे आरोपों को लेकर एजेंसी की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अब पैसों के कनेक्शन की जांच

करीब 20 लाख रुपये नकद मिलने के बाद मामले की जांच और तेज हो गई है। पुलिस ने इसकी जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दे दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अनमोल के पास इतनी बड़ी रकम कैसे पहुंची। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस रकम का किसी संदिग्ध गतिविधि से कोई संबंध तो नहीं है।