world-news

सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि देने का निर्देश, जल्द मिलेगा टैब, NHM कर्मियों को EPF का लाभ

September 25, 2026

Ranchi News: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने सहियाओं के भुगतान, स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय, NHM कर्मियों को EPF का लाभ और डॉक्टरों के खाली पद भरने को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए.

मंत्री ने कहा कि सहियाओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने राज्य मुख्यालय से सीधे सहियाओं के खाते में विशेष प्रोत्साहन राशि भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. इससे भुगतान प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो सकेगी.

सहियाओं के काम को आसान बनाने के लिए उन्हें जल्द टैब उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया. इसके अलावा संविदा पर काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय का भुगतान HIRS के माध्यम से राज्य मुख्यालय से करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया.

इसे भी पढ़ें - 

Palamu News: TSPC का नया सुप्रीमो 10 लाख का इनामी शशिकांत गंझू हुआ सक्रिय, सुरक्षा एजेंसी अलर्ट
CEC ज्ञानेश कुमार का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, याचिका दाखिल कर फैसले रद्द करने की मांग

मलेरिया मरीजों को मच्छरदानी देने का निर्देश

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मंत्री ने मलेरिया से पीड़ित मरीजों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने मलेरिया की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों की लगातार निगरानी करने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने को कहा.

NHM कर्मियों को EPF का लाभ

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों को EPF का लाभ देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि NHM कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके.

डॉक्टरों के खाली पद जल्द भरने के निर्देश

स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के खाली पदों को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्याप्त डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहना जरूरी है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके. रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया.

कम खर्च वाली योजनाओं की होगी निगरानी

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई. जिन योजनाओं में तय लक्ष्य के मुकाबले खर्च कम हुआ है, उन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का बजट समय पर और नियमों के अनुसार इस्तेमाल हो. साथ ही योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए.

जमीनी स्तर की जानकारी के आधार पर सुधार

मंत्री ने स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और क्षेत्र में जाकर स्थिति की जानकारी लेने को कहा. उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से मिलने वाली जानकारी के आधार पर योजनाओं में जरूरी सुधार किए जाएं.

बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक वित्त समेत स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल पदाधिकारी और परामर्शी मौजूद रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.