Published: Tuesday, July 21, 2026, 19:50 [IST]
AAP vs Congress NEET Protest: नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया।
इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के स्वतंत्र आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
संजय सिंह का कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप?
संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "देश के करोड़ों युवाओं के लिए सोनम वांगचुक जी पिछले 23 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। जंतर-मंतर पर देश का युवा आंदोलन कर रहा है। 20 जुलाई को युवाओं को बर्बरता पूर्वक पीटा गया। कांग्रेस एक महीने से आंदोलन को गाली दे रही है, अब राहुल गांधी जी कह रहे हैं कि 'जंतर-मंतर नहीं, हमारे धरने में शामिल हो।' आखिर कांग्रेस युवाओं के आंदोलन को कमजोर क्यों करना चाहती है? कांग्रेस जंतर-मंतर के आंदोलन में शामिल होने की अपील क्यों नहीं करती?"
ये भी पढे़ं: 118 पुलिस घायल, 20 गाड़ी टूटीं, 70 हिरासत में: CJP के संसद मार्च के पहले दिन क्या हुआ? आज फिर होगा पैदल मार्च
पीएम आवास के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन
NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव किया। इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कई दिनों से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन और विरोध प्रदर्शन कर रही है। 20 जुलाई को CJP ने संसद मार्च निकाला, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी छात्र घायल होने गए। इसी घटना के विरोध में कांग्रेस ने पीएम आवास तक मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह विफल करने का आरोप लगाया और कहा कि NEET पेपर लीक ने करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
ये भी पढे़ं: 'पेपर लीक वालों को ऐसी सजा दो कि दोबारा ये ना हो',दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद ये क्या बोले PM मोदी?
सरकार से बातचीत बेनतीजा, नेताओं को लिया गया हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान सरकार की ओर से पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव प्रदर्शनकारी नेताओं से बातचीत करने पहुंचे। हालांकि दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया, लेकिन विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।