NEET PG 2026 में शामिल होने वाले मेडिकल उम्मीदवारों के लिए अब परीक्षा का इंतजार खत्म होने वाला है. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) 30 अगस्त 2026 को NEET PG 2026 की परीक्षा आयोजित करेगा. परीक्षा एक ही शिफ्ट में होगी. इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवार देश के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन पाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे. परीक्षा से एक दिन पहले उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वो एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखें. इसके अलावा एग्जाम सेंटर पर तय समय से पहले पहुंचना भी बेहद जरूरी है. छोटी सी लापरवाही से परीक्षा में परेशानी हो सकती है.
सुबह 9 बजे शुरू होगी परीक्षा
NEET PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की एंट्री और रजिस्ट्रेशन सुबह 7 बजे से शुरू कर दिया जाएगा. सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को सेंटर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. ऐसे में उम्मीदवार ट्रैफिक और रास्ते में होने वाली संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें.
सुबह 8:45 बजे उम्मीदवार कंप्यूटर सिस्टम में लॉगिन कर सकेंगे. इसके बाद 8:50 बजे परीक्षा से जुड़ी जरूरी निर्देशों की विंडो खुलेगी. NEET PG 2026 का रिजल्ट 30 सितंबर 2026 को जारी किया जाना प्रस्तावित है.
ये दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी
उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन NEET PG 2026 का एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य है. इसके अलावा वैलिड ओरिजिनल फोटो पहचान पत्र भी परीक्षा केंद्र पर दिखाना होगा.
इसके अलावा MCI या संबंधित स्टेट मेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी साथ रखना होगा. विदेशी उम्मीदवारों को पासपोर्ट और अपने देश में मेडिकल प्रैक्टिस करने का प्रमाण रखना होगा. परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी.
सेंटर पर क्या न ले जाएं?
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर पेन, पेपर, राइटिंग पैड, रबर, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान न लेकर जाएं. जूलरी, वॉलेट, बेल्ट और गॉगल्स भी प्रतिबंधित वस्तुओं में शामिल हैं. खाने-पीने की कोई भी सामग्री अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
ड्रेस कोड का भी रखें ध्यान
उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन सादे और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. पुरुष उम्मीदवार हल्की आधी बांह की शर्ट या टी-शर्ट पहन सकते हैं और भारी सोल वाले जूते से बचें. महिला उम्मीदवार भारी कढ़ाई वाले कपड़े, पूरी बांह के कपड़े और प्रिंटेड जींस से बचें. बालियां, नेकलेस, ब्रेसलेट, नोज पिन और अन्य जूलरी भी न पहनें.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More