बेतिया में गुरुवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) ने नीट (NEET) पेपर लीक मामले और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में एक विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला।
.
इस प्रदर्शन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहा। प्रतिरोध मार्च शहीद पार्क से शुरू हुआ और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंचा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं से छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है।
उन्होंने अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, मुकदमे दर्ज करने और गिरफ्तारियों को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
"शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ" के लगे नारे
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने "शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ", "पेपर लीक बंद करो", "छात्रों पर दमन बंद करो" और "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो" जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए।
गिरफ्तार छात्रों की बिना शर्त रिहाई हो
AISF और AIYF ने अपनी प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इसके अतिरिक्त, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमों की वापसी, गिरफ्तार छात्रों की बिना शर्त रिहाई तथा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की भी मांग की गई। उन्होंने देशभर में पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया।
तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और राज्यव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।