नीम के एंटीबैक्टीरियल गुण चेहरे के मुंहासे, एक्स्ट्रा ऑयल और दाग-धब्बों को कम करने में काफी मददगार साबित होते हैं। सही तरीके से फेस पैक या नीम के पानी का इस्तेमाल कर आप त्वचा को साफ और स्वस्थ रख सकते हैं।
Neem For Glowing Skin : बदलते मौसम, धूल-मिट्टी और चेहरे पर आने वाले ज्यादा तेल की वजह से मुंहासे होना एक आम समस्या है। ऐसे में महंगे प्रोडक्ट्स लगाने के बजाय घरेलू और प्राकृतिक उपायों को अपनाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
नीम में मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण त्वचा के रोमछिद्रों को साफ रखने और इन्फेक्शन वाले बैक्टीरिया को रोकने में मदद करते हैं।
अगर सही तरीके से इसका इस्तेमाल किया जाए, तो त्वचा की कई परेशानियां दूर हो सकती हैं।
1. मुंहासों पर लगाएं फ्रेश नीम का पेस्ट
अगर चेहरे पर लाल दाने या एक्टिव पिंपल्स हैं, तो नीम की ताजी पत्तियां धोकर बारीक पीस लें। इस गाढ़े पेस्ट को सीधे मुंहासों वाली जगह पर लगाएं।
इसे 15 से 20 मिनट सूखने दें और फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें। हफ्ते में दो बार ऐसा करने से दानों की सूजन और लालिमा कम होने लगती है।
2. जिद्दी दाग-धब्बों के लिए नीम और गुलाब जल
पिंपल्स ठीक होने के बाद कई बार चेहरे पर गहरे निशान छोड़ जाते हैं। इनसे राहत पाने के लिए नीम के पेस्ट में बराबर मात्रा में गुलाब जल मिलाएं।
इसे पूरे चेहरे पर एकसमान लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें। यह पैक त्वचा की रंगत को साफ करने और निशानों को हल्का करने में मदद करता है।
3. ऑयली स्किन के लिए नीम-चंदन फेस पैक
जिन लोगों की त्वचा बहुत ज्यादा ऑयली रहती है, उन्हें नीम पाउडर, आधा चम्मच चंदन पाउडर और थोड़ा सा गुलाब जल मिलाकर पैक बनाना चाहिए।
चंदन चेहरे को ठंडक देता है और नीम एक्स्ट्रा सीबम (तेल) को सोखने का काम करता है। इसे हफ्ते में एक बार लगाने से चेहरा दिनभर फ्रेश दिखता है।
4. नीम के पानी से करें चेहरे की टोनिंग
रोजाना क्लींजिंग के लिए एक मुट्ठी नीम की पत्तियों को दो गिलास पानी में 5-7 मिनट तक उबालें। पानी को ठंडा करके छान लें और किसी साफ बोतल में भरकर रख लें।
सुबह-शाम चेहरा धोने के बाद इस पानी को कॉटन की मदद से चेहरे पर टोनर की तरह लगाएं। यह स्किन एलर्जी और छोटे दानों से सुरक्षा देता है।
इस्तेमाल के दौरान ध्यान रखें ये सावधानियां
- नीम का पैक लगाने से पहले हाथ या गर्दन पर पैच टेस्ट जरूर करें, ताकि एलर्जी का पता चल सके।
- बहुत ज्यादा सेंसिटिव या कटी-फटी त्वचा पर नीम का गाढ़ा पेस्ट सीधे लगाने से बचें।
- अगर चेहरे पर बहुत ज्यादा पस वाले दाने हैं या जलन महसूस हो, तो किसी डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह जरूर लें।