world-news

ndore News: 18 साल की युवती की संदिग्ध मौत, हाथ पर मेहंदी से लिखे युवक के नाम से बढ़ा शक - Haribhoomi

August 11, 2026

इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में 18 वर्षीय रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। पुलिस को उसके हाथ पर मेहंदी से एक युवक का नाम लिखा मिला है।

Indore News

इंदौर में 18 साल की युवती की संदिग्ध मौत

  • Published: 11 Aug 2026, 10:33 AM IST
  • Last Updated: 11 Aug 2026, 10:33 AM IST

इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

मृतका की पहचान रानी के रूप में हुई है। वह नावदा पंथ इलाके में परिवार के साथ रहती थी। पुलिस के मुताबिक रानी ने दसवीं तक पढ़ाई की थी और इसके बाद इलाके की एक मसाला फैक्ट्री में काम करने लगी थी। शनिवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रही थी। कुछ देर बाद वह सोने चली गई।

देर रात बिगड़ी तबीयत
रात में रानी की मां ने उसकी तबीयत खराब देखी। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया।

हाथ पर लिखा मिला युवक का नाम
जांच के दौरान पुलिस को रानी के हाथ पर मेहंदी से एक युवक का नाम लिखा मिला। बताया जा रहा है कि यह नाम उसने घटना से कुछ दिन पहले मेहंदी से अपने हाथ पर लिखवाया था। इसी तथ्य के सामने आने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाथ पर लिखा नाम किस युवक का है और रानी से उसका किस तरह का संपर्क था।

पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन भी जांच के लिए लिया है। मोबाइल में घटना से पहले किन लोगों से बातचीत हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। संबंधित युवक से पूछताछ भी की जा सकती है।

सुसाइड नोट नहीं मिला
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है, लेकिन उसने ऐसा क्यों किया, इसका फिलहाल पता नहीं चला है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस फिलहाल प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।