Sep 11, 2026 10:43 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

एनसीआरटीसी ने पर्यवेक्षक और कनिष्ठ अनुरक्षक के 67 पदों पर भर्ती निकाली है, आवेदन की आखिरी तारीख 9 अक्तूबर तक निर्धारित है।

नमो भारत
अगर आप इंजीनियरिंग या आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो दिल्ली-मेरठ रूट पर दौड़ रही देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीसी) यानी नमो भारत ट्रेन चलाने वाली कंपनी आपके लिए एक सुनहरा मौका लेकर आई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने परिचालन और रखरखाव से जुड़े कई पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके जरिए कुल 67 खाली जगहों को भरा जाएगा। जो उम्मीदवार तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह भर्ती काफी अहम साबित हो सकती है।
कब से कब तक होंगे आवेदन
विज्ञापन संख्या 32/2026 के तहत जारी हुई इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 9 अक्तूबर 2026 की रात 11:55 बजे तक फॉर्म भर सकते हैं। ध्यान रहे, उम्र, पढ़ाई-लिखाई और अनुभव से जुड़ी सभी शर्तें 10 सितंबर 2026 तक ही पूरी होनी चाहिए। एनसीआरटीसी की मानें तो कंप्यूटर आधारित परीक्षा नवंबर या दिसंबर 2026 में कराए जाने की संभावना है, हालांकि सटीक तारीख के लिए वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी होगी।
किस पद पर कितनी वैकेंसी
भर्ती में दो तरह के पद रखे गए हैं पर्यवेक्षक-I और कनिष्ठ अनुरक्षक। पर्यवेक्षक-I के अंतर्गत परिचालन में 2, इलेक्ट्रॉनिक्स में 18, इलेक्ट्रिकल में 14, मैकेनिकल में 3 और सिविल में 6 पद हैं। वहीं कनिष्ठ अनुरक्षक की बात करें तो इलेक्ट्रिकल में 8, फिटर में 9, आरएसी में 5 और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में 2 पद रखे गए हैं। यानी कुल मिलाकर 67 उम्मीदवारों को नौकरी मिलने वाली है।
योग्यता और उम्र सीमा
पर्यवेक्षक-I पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में पूर्णकालिक इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए; बीई, बीटेक या बीएससी इंजीनियरिंग जैसी योग्यता वालों को भी मौका मिलेगा। दूसरी तरफ, कनिष्ठ अनुरक्षक के पदों पर आवेदन के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र अनिवार्य रखा गया है भले ही किसी उम्मीदवार के पास इससे ऊंची डिग्री क्यों न हो, बिना आईटीआई सर्टिफिकेट के आवेदन मान्य नहीं होगा। अधिकतम उम्र सीमा 10 सितंबर 2026 को 28 वर्ष तय की गई है। एससी/एसटी वर्ग को 5 साल, ओबीसी को 3 साल, पूर्व सैनिकों को सेवा अवधि के साथ 3 साल अतिरिक्त छूट मिलेगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को वर्ग के हिसाब से 10 से 15 साल तक की छूट दी जाएगी, हालांकि सारी छूट जोड़ने के बाद भी उम्र 50 साल से ज्यादा नहीं हो सकती।
सैलरी और परीक्षा पैटर्न
पर्यवेक्षक-I का वेतनमान 37,000 से 1,15,000 रुपये तक रखा गया है, जबकि कनिष्ठ अनुरक्षक को 18,250 से 59,200 रुपये के बीच वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी, पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा और उसके बाद चिकित्सकीय जांच। परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 90 मिनट मिलेंगे। हर सही जवाब पर एक अंक मिलेगा और गलत जवाब देने पर कोई कटौती नहीं होगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग को पास होने के लिए 60 फीसदी अंक चाहिए, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के लिए यह सीमा 50 फीसदी रखी गई है। परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को 22 शहरों में से पांच केंद्र चुनने होंगे, जिनमें दिल्ली-एनसीआर, कोलकाता, मुंबई, जयपुर, लखनऊ और हैदराबाद जैसे शहर शामिल हैं। एक बार आवेदन जमा होने के बाद केंद्र बदलने की सुविधा नहीं मिलेगी, इसलिए सोच-समझकर ही शहर चुनें।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क के साथ जीएसटी भी चुकाना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। आवेदन के लिए एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट ncrtc.in पर जाकर करियर सेक्शन खोलें, विज्ञापन संख्या 32/2026 का लिंक चुनें, अधिसूचना पढ़कर पात्रता जांचें, फिर पंजीकरण कर आवेदन नंबर हासिल करें। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें।
गौरतलब है कि एनसीआरटीसी दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सरकारों के साथ भारत सरकार का संयुक्त उपक्रम है, जो नमो भारत परियोजना का संचालन करती है। जिन उम्मीदवारों की योग्यता इन पदों से मेल खाती है, उन्हें बिना देरी किए आवेदन कर देना चाहिए, क्योंकि अंतिम तारीख का इंतजार करना जोखिम भरा हो सकता है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwari
शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव
Hindi Newsकरियर न्यूज़नमो भारत चलाने वाली NCRTC में भर्ती, आईटीआई से इंजीनियरिंग तक वालों के लिए मौका
See Less