
दिल्ली-NCR में प्रदूषण रोकने की तैयारीImage Credit source: Raj K Raj/HT m via Getty Images
सर्दियों से पहले दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर CAQM ने तैयारियों और प्रवर्तन व्यवस्था की समीक्षा तेज कर दी है. बीते 29 सितंबर को CAQM की सुरक्षा और प्रवर्तन सब-कमेटी की 26वीं बैठक में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई. इस बैठक की अध्यक्षता CAQM चेयरपर्सन राजेश वर्मा ने की.
बैठक में 1 अक्टूबर 2026 यानी कल से बिना वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUCC) वाले वाहनों को NCR में पेट्रोल-डीजल और CNG भरने पर रोक लागू करने की तैयारियों की खास तौर पर समीक्षा की गई. इसके लिए फ्यूल और CNG स्टेशनों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) सिस्टम लगाने की तैयारी की जा रही है.
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पुराने और एंड-ऑफ-लाइफ (EoL) वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया. ऐसे वाहनों को जब्त करने और स्क्रैप कराने की कार्रवाई को बढ़ाने की बात कही गई. इसके अलावा दिल्ली समेत NCR में ट्रैफिक जाम वाले प्रमुख स्थानों की पहचान कर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) और ANPR आधारित ऑटोमेटेड चालान व्यवस्था लागू करने की प्रगति की भी समीक्षा हुई.
पराली जलाने पर फोकस
बैठक में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 2026 के दौरान पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह खत्म करने के लिए तैयार किए गए एक्शन प्लान की समीक्षा की गई. इसमें फसल विविधीकरण, डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR), फसल अवशेष के इस्तेमाल और किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई.
डीजल ऑटो पर भी कार्रवाई
CAQM ने NCR के जिलों से 31 दिसंबर 2026 तक डीजल ऑटो-रिक्शा को पूरी तरह चरणबद्ध तरीके से हटाने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की. इसके साथ ही दिल्ली में BS-IV और उससे पुराने ट्रांसपोर्ट एवं कमर्शियल गुड्स वाहनों के प्रवेश पर लागू प्रतिबंधों और दिल्ली में प्रवेश करने वाली बसों को स्वच्छ ईंधन/तकनीक की ओर ले जाने के उपायों की भी समीक्षा हुई.
उद्योग और धूल प्रदूषण पर निगरानी
बैठक में NCR की स्टोन क्रशिंग यूनिट्स से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम और दिल्ली-NCR के उद्योगों के लिए लागू कड़े उत्सर्जन मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई. सर्दियों से पहले सड़क की धूल को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन (MRSMs) की खरीद और उन्हें डस्ट हॉटस्पॉट पर तैनात करने पर जोर दिया गया.
इसके अलावा निर्माण एवं विध्वंस (C&D) साइटों, उद्योगों और DG सेट की सरप्राइज और गुप्त जांच से जुड़ी कार्रवाई रिपोर्ट की समीक्षा की गई. सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाली प्रदूषण संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निपटारे को लेकर भी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए.
CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े निर्देशों को सख्ती, समन्वय और तय समयसीमा के भीतर लागू करने पर जोर दिया. खास फोकस आगामी सर्दियों में वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण, पराली जलाने, सड़क और C&D धूल और निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था को मजबूत करने पर रहेगा.
ये भी पढ़ें: पटाखों पर फुल बैन लगाने से SC का इनकार, कहा- लोगों की भावनाओं और सेहत का भी ध्यान रखेंगे

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More