world-news

MP Weather: मध्यप्रदेश में बारिश का कहर जारी, नदी-नाले उफान पर; बांधों के गेट खुले, आज 15 जिलों में अलर्ट - Haribhoomi

September 6, 2026

मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। कई नदियां उफान पर हैं और बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। रविवार को 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में अब तक 30 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है और 23 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

MP Weather

मध्यप्रदेश में बारिश का कहर जारी

  • Published: 06 Sep 2026, 09:11 AM IST
  • Last Updated: 06 Sep 2026, 09:11 AM IST

भोपाल: मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि भोपाल समेत कुछ इलाकों में बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रदेश में अब तक 30 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हो चुकी है और 23 जिलों में बारिश सामान्य से अधिक हो गई है।

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना और सतना में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, धार, उज्जैन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, जबलपुर, मंडला, रीवा और सीधी समेत कई जिलों में भी बारिश हो सकती है।

भोपाल में बांधों के गेट खुले
भोपाल में लगातार बारिश के बीच भदभदा और कलियासोत बांध से पानी छोड़ा गया। शनिवार शाम कलियासोत के चार गेट खोले गए थे। पानी का दबाव कम होने के बाद इन्हें धीरे-धीरे बंद किया गया, जबकि रात में एक गेट खुला रहा। प्रशासन ने कलियासोत नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा बरगी बांध के गेट भी खोले गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में बारिश का आंकड़ा तेजी से सुधरा है। अनूपपुर, छतरपुर, मंडला, निवाड़ी, पन्ना, सतना, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी समेत 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

प्रदेश में सामान्य मानसूनी बारिश करीब 37.3 इंच मानी जाती है। अब तक 30 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। जून में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई, अगस्त और सितंबर की बारिश ने इस कमी को काफी हद तक कम किया है।

9 सितंबर तक बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 6 सितंबर को भी बारिश का सिस्टम सक्रिय रहेगा। इसके बाद 7, 8 और 9 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है। प्रशासन को नदी, नालों और बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।