Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस चोरी के मामले में आरोपी चौधरी दंपती से थाने में मारपीट के आरोप को लेकर बुधवार को मरार-माली समाज का प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.
मामला 31 अगस्त को किरनापुर पोस्ट ऑफिस में हुई करीब 50 हजार रुपये की चोरी से जुड़ा है. चोरी के संदेह में ग्राम टिमकीटोला नक्शी निवासी कैलाश चौधरी और उसकी पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लिया था. आरोप है कि पूछताछ के दौरान दोनों के साथ थाने में मारपीट की गई. इस मामले को लेकर मरार-माली समाज में आक्रोश है. समाज की मांग है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दंपती को न्याय दिलाया जाए.
हिंसा के बाद जांच के आदेश
मामले में बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने उपनिरीक्षक दामेन्द्र तुरकर, प्रधान आरक्षक आशीष बघेल, आरक्षक कपिल राजपूत और महिला आरक्षक मेघा टेकाम को निलंबित कर लाइन हाजिर किया है. साथ ही डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है. टीम को सात दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
हालांकि समाज के लोगों का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है. प्रदर्शनकारी आरोपी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर समाज के लोग प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया.
भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
पुलिस ने हालात संभालने के लिए पहले भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया. स्थिति काबू में नहीं आने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. इसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से बिखर गए. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.
इधर, बालाघाट प्रवास पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी लाठीचार्ज के मामले पर सरकार और पुलिस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गर्भवती महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर समाज सड़क पर उतरा था और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाईं. पटवारी ने इसे सरकार और पुलिस के जंगलराज का परिचय बताया.

पंकज डहरवाल
पंकज डहरवाल मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के गांव चिखला बांध के रहने वाले हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा चिखला बांध में ही संपन्न हुई. वर्ष 2013 में न्यूज़ पेपर नवभारत में रिपोर्टर के तौर पर पत्रकारिता में क्षेत्र में प्रवेश किए. नवभारत न्यूज़ पेपर में उन्होंने 10 वर्ष तक सेवा दी. इसके बाद वो TV9 भारतवर्ष से जुड़ गए. जिले की हर खबर एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाने की कोशिश करते हैं.
Read More