world-news

यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतगणना, सुबह 8 बजे से गिने जाएंगे वोट, 7 जिलों में बनाए गए काउंटिंग सेंटर

October 27, 2026

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना आज यानी मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को होगी. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. इसके लिए प्रदेश के सात जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतगणना की तैयारियों को लेकर जानकारी दी है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी. सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन में मतगणना कराई जाएगी.

लखनऊ और वाराणसी में कहां होगी मतगणना?
लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर-07 में होगी. वहीं, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती इसी परिसर के हॉल नंबर-08 में की जाएगी. वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के हॉल नंबर-01 में होगी. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हॉल नंबर-02 में कराई जाएगी.

सम्बंधित ख़बरें

यह भी पढ़ेंः बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाकर रो पड़े थे सपा प्रत्याशी, आगरा में 6 चुनाव अधिकारी सस्पेंड

आगरा और मेरठ में भी मतगणना की तैयारी पूरी
आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड के हॉल नंबर-01 में होगी. आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती हॉल नंबर-02 में की जाएगी.

मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल बिल्डिंग के हॉल-B में होगी. वहीं, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना इसी बिल्डिंग के हॉल-A में कराई जाएगी.

झांसी, बरेली और गोरखपुर में कहां गिने जाएंगे वोट?
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी स्थित बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल के हॉल नंबर-01 में होगी.

बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल के हॉल नंबर-01 में कराई जाएगी.

वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर-01 और हॉल नंबर-02 में होगी.

प्रेक्षकों की निगरानी में होगी मतगणना
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना की प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन में संपन्न कराई जाएगी. मतगणना की निगरानी के लिए प्रेक्षक भी तैनात रहेंगे. निर्वाचन विभाग के मुताबिक, वोटों की गिनती को सुचारु, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

---- समाप्त ----