Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास से सटे एक क्वार्टर के कमरे में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सोनू राउत के रूप में हुई है. वह मूल रूप से देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र का रहने वाला था और विधायक के आवास पर कुक के तौर पर काम करता था. वहीं इस मामले में पुलिस ने विधायक के दामाद समेत परिवार के 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक, सोनू राउत लंबे समय से खाना बनाने का काम कर रहा था. वह विधायक देवेंद्र कुंवर के आवास पर भी कुक की जिम्मेदारी संभाल रहा था. मंगलवार को विधायक के आवास से सटे क्वार्टर के एक कमरे में उसका शव मिलने की सूचना सामने आई. इसके बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई. एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जिसके बाद पुलिस ने सोनू राउत के शव को कब्जे में लिया.
पुलिस मौके पर पहुंची
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. वहीं घटना की परिस्थितियों को देखते हुए फोरेंसिक विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. फोरेंसिक टीम ने कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और कमरे को सील कर दिया है. पुलिस अब घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. कमरे के भीतर की परिस्थितियों, मृतक के संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
सबूत जुटाने में जुटी फोरेंसिक टीम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी. रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतक के परिवार में भी मातम का माहौल है. परिजन युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More