Mithu Mukherjee Death: बंगाली फिल्मों की दिग्गज अदाकारा मिठु मुखर्जी का निधन हो गया है. वो 71 साल की थीं. मुंबई में एक प्राइवेट अस्पताल में रविवार की रात उन्होंने आखिरी सांस ली. उनके जाने से बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी. मिठु मुखर्जी करीब एक साल से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग लड़ रही थीं.
1970 और 80 के दशक में मिठु मुखर्जी बंगाली सिनेमा में काफी एक्टिव थीं. उस दौर में उन्होंने अपने काम से खूब फेम हासिल किया. रिपोर्ट के मुताबिक मिठु मुखर्जी पिछले कुछ सालों से मुंबई में रह रही थीं. उन्होंने अपने दौर के तमाम दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया, जिनमें उत्तम कुमार, सौमित्रा चट्टोपाध्याय और रंजीत मलिक जैसे नाम शामिल हैं.
17 साल की उम्र में फिल्मों में आई थीं मिठु मुखर्जी
मिठु मुखर्जी का जन्म कोलकाता में साल 1955 में हुआ था. उन्होंने 17 साल की उम्र में ही फिल्मी दुनिया में एंट्री मार ली थी. 1972 में उन्होंने चिट्टा बोस की फिल्म ‘शेश पर्ब’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में वो अभिनेता शमित भंजा के साथ नज़र आई थीं. दिनेश गुप्ता की फिल्म ‘मर्जीना अबदुल्ला’ उनके करियर के लिए ब्रेकथ्रू फिल्म मानी जाती है. इसमें वो देबराज रॉय के अपोजिट नज़र आई थीं.
মিঠু মুখোপাধ্যায়ের প্রয়াণের খবর অত্যন্ত বেদনাদায়ক। তাঁর স্মৃতি ও তাঁর কাজ আমাদের মধ্যে চিরকাল বেঁচে থাকবে। গভীর শ্রদ্ধা। pic.twitter.com/IUNbvHnXC1
— Prosenjit Chatterjee (@prosenjitbumba) September 21, 2026
इन फिल्मों का रहीं हिस्सा
मिठु मुखर्जी ने अपने करियर में कई बंगाली फिल्में की. वो निशिकन्या, मौचक, काबी, होटल स्नो फॉक्स, प्रतिमास बंधन, प्रार्था और स्वंयसिद्ध जैसी फिल्मों का हिस्सा रहीं. उस दौर में उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग और स्क्रीन पर मौजूदगी से इंडस्ट्री में जल्दी ही जगह बना ली थी.
इन हिंदी फिल्मों में भी नज़र आई मिठु मुखर्जी
बंगाली के अलावा मिठु मुखर्जी ने कई हिंदी फिल्मों में भी काम किया. उन्होंने 1976 में आई दुलाल गुहा की ‘खान दोस्त’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था. इसके अलावा उन्होंने बासु चैटर्जी के निर्देशन में बनी सफेद झूठ में भी काम किया. यही नहीं वो दिल्लगी और दो लड़के दोनों कड़के में भी नज़र आईं.
हालांकि 1980 में आई ‘दुजाने’ फिल्म के बाद उन्होंने एक्टिंग 10 साल के लिए ब्रेक ले लिया था. 1990 में वो चंद्रा बरोट की ‘अश्रिता’ से सिनेमा की दुनिया में लौटीं, लेकिन इसके बाद फिर कभी किसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनी. ये उनकी आखिरी फिल्म साबित हुई. सिनेमा की दुनिया से दूर जाने के बाद वो लाइमलाइट से भी दूर हो गई थीं.

मोहम्मद आसिफ
मोहम्मद आसिफ टीवी9 हिंदी डॉट कॉम में नवंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन के हेड के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वो एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी हलचल पर पैनी नजर रखते हैं. सिनेमा और सितारों में आसिफ खास दिलचस्पी रखते हैं. आसिफ को नई नई वेब सीरीज और फिल्में देखना काफी पसंद है. टीवी9 हिंदी डॉट कॉम से पहले आसिफ एबीपी न्यूज़ की हिंदी वेबसाइट में एबीपी लाइव डॉट कॉम में काम कर रहे थे. एबीपी लाइव डॉट कॉम में आसिफ ने करीब साढ़े 6 साल तक काम किया है. साल 2016 में बतौर ट्रेनी जर्नलिस्ट आसिफ ने एबीपी न्यूज की वेबसाइट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी. एबीपी में आसिफ ने एंटरटेनमेंट सेक्शन संभाला. इसके अलावा वहां होम पेज और स्पोर्ट्स सेक्शन में भी उन्होंने काम किया. आसिफ ने दिल्ली के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है. इससे पहले उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की. आसिफ ने स्कूल की पढ़ाई भी देश की राजधानी दिल्ली से ही की है. उन्हें को क्रिकेट खेलना, ओटीटी पर कंटेंट देखना, परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताना पसंद है.
Read More