हाल के दिनों में देश भर में सामने आ रहे पतियों की हत्या के मामलों से सहमे उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के एक युवक ने पुलिस से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। लव मैरिज करने वाले पीड़ित पति का गंभीर आरोप है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच रही है
पीड़ित पति ने पुलिस को दिए पत्र में दावा किया कि 14 जुलाई को उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
- Published: 22 Jul 2026, 04:05 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 04:05 PM IST
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित सूर्योदय कॉलोनी के रहने वाले एक युवक ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी आपबीती सुनाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम करने वाले पीड़ित युवक ने बताया कि उसने 22 जून 2025 को मेडिकल थाना क्षेत्र की ही रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था।
शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के रिश्तों में दरार आने लगी। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी अक्सर किसी अज्ञात युवक से घंटों फोन पर बातें करती थी। जब उसने इस पर आपत्ति जताई, तो घर में विवाद और मारपीट होने लगी, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई।
एक्सीडेंट का वीडियो और मारपीट के आरोप
पीड़ित पति ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में दावा किया कि 14 जुलाई को उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 17 जुलाई को उसने अपनी पत्नी को एक अनजान युवक के साथ बाइक पर घूमते हुए देखा। जब उसने अपने मोबाइल से उनका पीछा करते हुए वीडियो बनाया, तो कुछ दूर जाकर दोनों का एक्सीडेंट हो गया और वे वहां से भाग निकले।
पति का यह भी आरोप है कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ पीकर उसके पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की कोशिश की और उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज करा दिया है।
देश में पतियों की हत्याओं से सहमा पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी
हाल ही में मीडिया में आ रही पतियों की हत्या की खबरों का जिक्र करते हुए पीड़ित ने कहा कि उसे अपनी जान का सख्त डर सता रहा है और दहेज केस दर्ज होने की वजह से उसकी पुलिस सुनवाई नहीं हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि युवक की तरफ से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उसने पत्नी द्वारा मारपीट और हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।