world-news

Mayur Vihar Murder: AAP MLA के दफ्तर के सामने 40 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, चश्मदीद ने क्या-क्या देखा?

September 6, 2026

Time Published: Sunday, September 6, 2026, 13:36 [IST]

Delhi Mayur Vihar Murder: राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाके मयूर विहार फेज-3 में रविवार (6 सितंबर) तड़के एक 40 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात स्थानीय विधायक के कार्यालय के सामने दुर्गा मंदिर के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, हमले में दो लोग शामिल थे। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर मारपीट का खौफनाक मंजर कैद हुआ है।

पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक और वारदात में शामिल दोनों संदिग्धों की पहचान नहीं हो सकी है।

delhi-mayur-vihar-murder

पहले साथ खड़े दिखे, फिर लाठियों से किया हमला

पुलिस के अनुसार, मृतक को वारदात से पहले दो लोगों के साथ खड़ा देखा गया था। कुछ देर बाद दोनों ने उस पर लकड़ी के लट्ठों और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

वारदात के दौरान मौके पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों को रोकने और वहां से भगाने की कोशिश की। आरोप है कि दोनों ने गार्ड पर भी हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सुरक्षा गार्ड ने सुनाई वारदात की कहानी

घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे सुरक्षा गार्ड नंदलाल यादव ने पुलिस को बताया कि उसने तड़के करीब चार बजे कुछ लोगों को वहां देखा था। उसके मुताबिक, जब उसने मामले में हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो दोनों लोगों ने उसे धमकाया। नंदलाल ने एएनआई से कहा कि वहां दो लोग थे और उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

मृतक और आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

दिल्ली पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मृतक की पहचान के साथ-साथ दोनों संदिग्धों का भी पता लगाया जा सके। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कालिंदी कुंज में बेटे की हत्या के मामले में पिता समेत दो गिरफ्तार

इस बीच, दिल्ली में हत्या की एक अन्य घटना में पुलिस ने 64 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके 49 वर्षीय सहयोगी को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 38 वर्षीय गुल हसन की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, हसन का शव 22 अगस्त को दक्षिण दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक सुनसान जगह पर रखे शिपिंग कंटेनर से बरामद हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर पहले हसन के सिर पर पत्थर से हमला किया और बाद में उसका गला घोंट दिया।

64 वर्षीय आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर अपने साथी की मदद से बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था और उसे सिज़ोफ्रेनिया की बीमारी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।