
फगवाड़ा के LPU कैंपस में हंगामा
LPU student protest: पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) है. यहां शनिवार देर रात यूनिवर्सिटी की छात्रा से कथित रेप और सुसाइड से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद भारी बवाल हो गया. सैकड़ों छात्र कैंपस में जुट गए और नारेबाजी करने लगे. कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी के बाद छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया. हालांकि पुलिस ने रेप और सुसाइड के खबरों को अफवाह बताया है.
मामले की शुरुआत शनिवार देर रात गर्ल्स हॉस्टल के आसपास सोशल मीडिया और छात्र ग्रुप्स में वायरल हुए मैसेज से हुई. इनमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया. कुछ पोस्ट में छात्रा के सुसाइड करने की बात भी कही गई. हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के सामने आने से छात्रों में गुस्सा बढ़ता गया. छात्र बड़ी संख्या में हॉस्टल के बाहर जमा हो गए. प्रदर्शनकारियों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

देखते ही देखते प्रदर्शन ने लिया हिंसक रूप
कुछ ही देर में प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. कैंपस की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया और एक हिस्से में आग लगा दी गई. इसके बाद प्रदर्शनकारी मुख्य गेट की ओर बढ़े और वहां भी तोड़फोड़ हुई. घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगे.
इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र कैंपस से बाहर निकल आए और चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना शुरू कर दिया. हाईवे बाधित होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ. रात से ही पुलिस हालात संभालने में जुटी रही.

पुलिस बोली- रेप की पुष्टि नहीं
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने की कोशिश की. एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. छात्रों से भी बात की गई है.रेप की घटना सामने नहीं आई है और सोशल मीडिया पर चल रही जानकारी की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस उस मैसेज और उसके स्रोत का भी पता लगाने में जुटी है, जिसके बाद इतनी बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए.
वहीं, छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन हमें घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखा रहा है. पीड़िता का कुछ पता नहीं लग रहा है. जिस वार्डन की ड्यूटी थी, उसके भी नाम का पुलिस खुलासा नहीं कर रही है.

LPU प्रशासन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
हंगामे के बीच LPU प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को झूठा और भ्रामक बताया. लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने बताया कि यूनिवर्सिटी के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं. इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है.
मोनिका गुलाटी ने कहा कि यूनिवर्सिटी स्पष्ट रूप से कहना चाहती है कि फिलहाल फैलाई जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील है कि वे इन अफवाहों पर विश्वास न करें, इन्हें आगे न फैलाएं और न ही इन्हें बढ़ावा दें. सभी लोग केवल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाने वाली सूचनाओं पर ही भरोसा करें.

मोहित मलहोत्रा
भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर
Read More