entertainment

KBC 18: मैंने कहा शादी कर लेनी चाहिए और... अमिताभ बच्चन ने बताया 24 घंटे में कैसे बनीं जया उनकी अर्धांगिनी

September 24, 2026

KBC 18: मैंने कहा शादी कर लेनी चाहिए और… अमिताभ बच्चन ने बताया 24 घंटे में कैसे बनीं जया उनकी अर्धांगिनी

बिग बी ने महज एक दिन में क्यों की शादी?

Kaun Banega Crorepati Season 18: सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय रियलिटी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के मंच पर अक्सर ज्ञान के साथ-साथ जिंदगी के निजी अनुभव भी शेयर होते रहते हैं. लेकिन इस बार हॉटसीट पर कुछ ऐसा हुआ जिसने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को अपने कुछ दशक पुराने अतीत के सबसे खूबसूरत और अनछुए पन्ने खोलने पर मजबूर कर दिया. कोलकाता से आईं चुलबुली कंटेस्टेंट अहेली रॉय ने जब बिग बी से उनकी शादी को लेकर सवाल दागा, तो बिग बी ने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी और जया बच्चन की ‘चट मंगनी, पट ब्याह’ वाली अनोखी दास्तान बयां कर दी.

अहेली रॉय ने अमिताभ बच्चन के साथ अपने खास जुड़ाव का हवाला देते हुए मजाकिया अंदाज में उनसे पूछ लिया कि आखिर उन्होंने अपनी सास को कैसे मनाया था और जया जी से शादी करने के लिए ससुराल वालों का दिल किस तरह जीता था?

न सास से बात की, न ससुर से

इस सवाल पर अपनी चिर-परिचित मुस्कान बिखेरते हुए सदी के महानायक ने बताया कि उनकी शादी का फैसला कितना सीधा और तमाम औपचारिकता से परे था. अमिताभ बच्चन ने ऑन-एयर खुलासा करते हुए कहा, “हमने उनको कुछ नहीं कहा, हमने बस जया जी को एक दिन बोला कि शादी कर लेनी चाहिए, तो उन्होंने कहा हां कर लेनी चाहिए और बस तय हो गया, हमने किसी से भी बात नहीं की. शादी तय होने के बाद जया जी गईं, अपने माता-पिता को बताया होगा. हमें यह भी मालूम नहीं कि उन्होंने क्या बोला होगा, लेकिन वो लोग मान गए और आ गए. फिर थोड़ी बातें-वातें हुईं और अगले ही दिन हमने शादी कर ली.”

बैंड-बाजे और कपड़ों के झमेले में कौन पड़े?

बिग बी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आज के दौर में शादियों पर होने वाले फिजूलखर्च और दिखावे पर भी अपनी साफ सोच रखी. उन्होंने सादगी को सबसे बड़ा गहना बताते हुए कहा,”सच बोलूं तो ऐसा ही होना चाहिए, है कि नहीं? कौन उस झमेले में जाए कि यह तारीख होगी, यह कपड़ा पहनेंगे, इधर जाएंगे, उधर जाएंगे, यह सब करेंगे, बैंड-वैंड बजेगा… इसका कुछ फायदा नहीं. हमने मान लिया कि वो हमारी पत्नी हैं, इससे बड़ा मन कुछ नहीं.” अमिताभ बच्चन की यह बात सुनकर स्टूडियो में मौजूद हर शख्स तालियां बजाने पर मजबूर हो गया. उनका मानना था कि बिग बी का ये नजरिया उन लोगों के लिए एक बड़ी सीख है जो शादियों को सिर्फ स्टेटस सिंबल और तड़क-भड़क का जरिया बना लेते हैं.

कंटेस्टेंट की जिंदादिली के मुरीद हुए बिग बी

इस हल्के-फुल्के पारिवारिक किस्से के अलावा, अमिताभ बच्चन कंटेस्टेंट अहेली रॉय की जिंदादिली, प्यारी मुस्कान और आत्मनिर्भर सोच से भी बेहद प्रभावित नजर आए. अहेली ने बताया कि वो कभी भी पड़ोसियों के तानों या समाज की दकियानूसी उम्मीदों की परवाह नहीं करतीं और अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जीती हैं. महानायक ने अहेली के इस जज्बे की जमकर सराहना की और कहा कि हर इंसान को वही करना चाहिए जो उसके दिल को खुशी दे, न कि दुनिया के शोर से प्रभावित होना चाहिए.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button