world-news

Kanpur Tyre Factory Fire: कानपुर में टायर फैक्ट्री में धधकी आग, 30 फीट ऊंची टंकी से गिरे दो मजदूर की मौत, VIDEO में दिखा खौफनाक मंजर

September 22, 2026

Kanpur Tyre Factory Fire: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में एक टायर ऑयल फैक्ट्री (Tyre Oil Factory) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया (Kanpur Tyre Factory Fire) और  दो मजदूरों की इसकी चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियों ने पहुंच कर करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टंकी में टायर लोड करते समय भड़की आग

यह हादसा गजनेर थाना क्षेत्र के जरीहा गांव के पास स्थित ओम जेवीआरडी फैक्ट्री  (Om JVRD Factory) में हुआ। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री (Factory) में पुराने टायरों को प्रोसेस कर उनसे तेल तैयार किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे छह मजदूर एक टंकी में पुराने टायर लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई। उस वक्त दो मजदूर करीब 30 फीट ऊंची टंकी पर काम कर रहे थे। आग की तेज लपटों में घिरने के बाद दोनों मजदूर नीचे गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

चार मजदूरों ने भागकर बचाई जान

आग लगते ही फैक्ट्री में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चार अन्य मजदूर और तेल निकालने वाले टैंकर का ड्राइवर किसी तरह मौके से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग इतनी तेज थी कि घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर तक आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

छह दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 5:50 बजे मिली। सूचना मिलते ही माती फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में तीन और दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। अधिकारियों के अनुसार, दो तेल टंकियों में से एक में आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने पहले आसपास की टंकियों को ठंडा किया और फिर फोम की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

बीड़ी से आग लगने की आशंका, जांच जारी

पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फैक्ट्री मालिक रमेश चंद्र गुप्ता ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी कुछ मजदूरों को स्टोरेज एरिया में बीड़ी ले जाते हुए पकड़ा गया था। उन्होंने आशंका जताई कि घटना के दिन भी किसी मजदूर के पास बीड़ी हो सकती है।हालांकि, बीड़ी से ही आग लगी थी या इसकी कोई दूसरी वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने इस एंगल को भी जांच में शामिल किया है।

ये भी पढ़ें: Shah Rukh Khan Lalbaugcha Raja: पठानी कुर्ता, माथे पर तिलक...बप्पा के दरबार में पहुंचे शाहरुख खान, गौरी-सुहाना संग लिया आशीर्वाद

मृतकों की पहचान की कोशिश

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे, SSP आलोक प्रसाद और CO संजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों और आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ें:UP IPS Transfer 2026: वाराणसी कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 3 डीसीपी की जिम्मेदारियां बदलीं, प्रमोद कुमार साइबर मुख्यालय भेजे गए