world-news

Kal Ka Mausam: 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानिए 15 जुलाई को कहां होगी झमाझम बारिश और कहां सताएगी उमस

July 14, 2026

Kal Ka Mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून का असर अलग-अलग देखने को मिल रहा है. जहां पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, वहीं दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कुछ इलाकों में मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि कई राज्यों में हल्की बारिश और तेज हवाएं राहत दे सकती हैं.

🌧️ IMD Weather Warning !

Under the influence of a likely Low Pressure Area over the north Bay of Bengal, enhanced rainfall activity is expected over East & Northeast India, East Uttar Pradesh, and the Western Himalayan Region during the next 7 days.

⚠️ Isolated extremely heavy… pic.twitter.com/KP55LHtCCy

— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 14, 2026

दिल्ली-एनसीआर में राहत की हल्की उम्मीद

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. बारिश की कमी के कारण तापमान और नमी दोनों का असर महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 जुलाई को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बीच-बीच में चलने वाली तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही तेज धूप से कुछ राहत दिला सकती है, हालांकि व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल कम है.

राजस्थान में कमजोर पड़ा मॉनसून

राजस्थान में मॉनसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी राजस्थान में भी सीमित बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में बहुत अधिक गिरावट की उम्मीद नहीं है.

बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का खतरा

पूर्वी भारत के कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने गंभीर चेतावनी जारी की है. बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है.

ओडिशा में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं बिहार और झारखंड के कुछ जिलों में अत्यधिक वर्षा की आशंका जताई गई है. छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं.

पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है.

इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश हो सकती है. लगातार हो रही वर्षा के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.

यूपी, उत्तराखंड और पहाड़ी राज्यों में भी बरसेंगे बादल

उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. निचले इलाकों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है. वहीं जिन क्षेत्रों में मॉनसून कमजोर पड़ा है, वहां लोगों को अभी कुछ और दिनों तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें - मानसून के साथ बढ़ा डेंगू-मलेरिया का खतरा; जिला अस्पताल ने बनाए 8 विशेष वार्ड, स्वास्थ्य विभाग सतर्क