world-news

जेपीएससी भर्ती में धांधली: CID ने 18 ठिकानों पर छापे मारे

August 4, 2026

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी ने सोमवार को रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिलों के 18 ठिकानों पर छापेमारी की. इनमें सनत प्रकाश का बोकारो स्थित आवास भी शामिल है. इन ठिकानों के तार किसी न किसी तरह से जेपीएससी मुख्यालय, टीडीपीएल कंपनी और कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर रहे अभय तिवारी से जुड़े हैं. सीआईडी की टीम ने रांची के लालपुर स्थित कोचिंग संस्थान पतंजलि एकेडमी के परिसर व इसके संचालक संजीत ऊर्फ गोल्डेन के यहां भी दबिश दी है. आरोप है कि अभय तिवारी की टीम सबसे पहले ओएमआर शीट इसी कोचिंग संस्थान में लाती थी. यहीं, सवालों के सही जवाब तैयार किये जाते थे. बाद में वहीं तैयार शीट के अनुसार सभी ओएमआर शीट भरे जाते थे.

सुबह 2 बजे से 6 बजे तक चली छापेमारी

छापेमारी सोमवार तड़के सुबह 2:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक चली. छापेमारी के दौरान सीआईडी ने अलग अलग ठिकानों से लैपटॉप, मोबाइल, विभिन्न बैंकों की पासबुक-चेकबुक, अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड और मार्कशीट सहित कई अहम दस्तावेज बरामद किये हैं. सीआईडी की टीम ने अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास को भी खंगाला. वहीं, उसके साले सौरव की भी तलाश की जा रही थी, लेकिन वह नहीं मिला. छापेमारी के संबंध में सीआईडी ने अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

ये भी पढ़ें: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि आज, नेमरा बनेगा श्रद्धा और विकास का केंद्र, जुटेंगे राज्यभर के लोग

कहां कहां पड़ी रेड

रांची

लालपुर में पतंजलि कोचिंग सेंटर धुर्वा सेक्टर-2 साइड-5 स्थित कोचिंग संचालक रवि कुमार और नामकुम में आदित्य पांडेय का घर पर छापा पड़ा.

बोकारो

सेक्टर-3सी, क्वार्टर नंबर-315 सनत प्रकाश का परिसर पर भी मारी गई रेड

पलामू

डालटनगंज पांकी रोड स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर का परिसर, डालटनगंज के बीएन कॉलेज परिसर स्थित शिक्षक संतोष कुमार सिंह का परिसर, नौडीहा बाजार स्थित उसके पैतृक आवास व एक अन्य ठिकाना.

धनबाद

जीतेंद्र की तलाश में सरायढेला थाना क्षेत्र के वीटी इंफ्रा अपार्टमेंट, सरायढेला का एक कोचिंग सेंटर, धनबाद थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी और दो अन्य ठिकाने.

हजारीबाग

लालो यादव की तलाश में पौता और जेपीएससी में गलत तरीके से पास करने के आरोप में गिरफ्तार सुमन सौरभ के गंगादोहर स्थित आवास.

ये भी पढ़ें: पांच अगस्त से कॉलेजों में चलेगा स्पेशल वोटर रजिस्ट्रेशन कैंपेन, मतदाता सूची में जुटेगा 18+ छात्रों का नाम