Featured story
Reliance Jio ने 300 रुपये में Jio Prime सब्सक्रिप्शन पेश किया है, जो यूजर्स को भविष्य में होने वाले टैरिफ हाइक से बचाएगा। जानिए 300 रुपये खर्च करने के बाद साल भर में आपकी कितनी बचत होगी या होगी भी नहीं।
-1787157616810_m.webp)
₹300 का Jio Prime प्लान लेने से कितनी होगी बचत। Photo- ChatGPT.
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Reliance Jio ने हाल ही में Jio Prime के लिए 300 रुपये का सब्सक्रिप्शन पेश किया है। इस मेंबरशिप का मेन बेनिफिट ये है कि आने वाले समय में अगर मोबाइल प्लान्स के दाम बढ़ते भी हैं, तो Prime यूजर्स के लिए टैरिफ पुराने रेट पर ही रहेंगे। उदाहरण के लिए, अगर आप एक Prime मेंबर हैं और 500 रुपये वाले प्लान से रीचार्ज करते रहे हैं, तो भविष्य में उस प्लान की कीमत बढ़ने के बाद भी आपको सिर्फ 500 रुपये ही देने होंगे। तो एक साल के लिए इस प्राइस प्रोटेक्शन को पाने के लिए ग्राहक को 300 रुपये देने होंगे। Jio ने बताया है कि Prime मेंबर्स 5 सितंबर 2027 तक पुराने टैरिफ पर ही रीचार्ज कर सकेंगे।
लेकिन एक ग्राहक के तौर पर क्या 300 रुपये खर्च करने के बाद सच में आपकी बचत होगी? आइए इसका पूरा हिसाब समझते हैं।
Jio Prime से कैसे होगी आपकी बचत?
Jio के सबसे पॉपुलर प्लान्स में नॉन-5G यूजर्स के लिए 799 रुपये का प्लान और 5G यूजर्स के लिए 899 रुपये का प्लान शामिल है। ये दोनों प्लान्स लगभग 3 महीने (84 दिन और 90 दिन) की वैलिडिटी देते हैं। 2018 के बाद से देखा गया है कि जब भी टेलीकॉम कंपनियां कीमतें बढ़ाती हैं, तो टैरिफ में 15% से ज्यादा की बढ़ोतरी होती है। ऐसे में अगली बार भी 15 से 20% तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

अगर 15% की बढ़ोतरी होती है, तो 799 रुपये वाला प्लान बढ़कर करीब 918.85 रुपये का हो जाएगा और 899 रुपये वाला प्लान लगभग 1033.85 रुपये का हो जाएगा। ये न्यूनतम अनुमान है, बढ़ोतरी 20% की भी हो सकती है। इसका मतलब है कि 15 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद आपको 799 रुपये वाले प्लान के लिए 120 रुपये ज्यादा और 899 रुपये वाले प्लान के लिए 135 रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे। एक साल में सिम और बेनेफिट्स एक्टिव रखने के लिए औसतन कम से कम 5 बार रीचार्ज करना पड़ता है। यानी साल भर में 799 रुपये वाले प्लान पर 120 x 5 = 600 रुपये एक्स्ट्रा और 899 रुपये वाले प्लान पर 675 रुपये एक्स्ट्रा खर्च होंगे। यहां 300 रुपये की मेंबरशिप लेने के बाद भी आपको क्रमश: 300 रुपये और 375 रुपये की सीधी बचत होगी।
इसके अलावा डेटा वाउचर्स का खर्च भी अलग है। एक सामान्य यूजर जरूरत पड़ने पर बीच-बीच में डेटा वाउचर रीचार्ज कराता रहता है। टैरिफ बढ़ने पर इन वाउचर्स की कीमतें भी बढ़ेंगी। साथ ही Jio यूजर्स को एक के ऊपर एक अनलिमिटेड रीचार्ज एडवांस में कतार में लगाने की सुविधा देता है। इसका मतलब है कि एक साल की Prime मेंबरशिप खत्म होने के करीब आने पर भी आप पुराने दामों पर एडवांस रीचार्ज कर सकते हैं, जिससे आपकी भारी बचत होगी।
इसके साथ ही दूसरे बेनेफिट्स भी मिलेंगे। Jio Prime मेंबर्स को प्रायोरिटी कस्टमर केयर सपोर्ट और 300 रुपये का कैशबैक समेत कई दूसरे ऑफर्स भी मिलेंगे।