education

JEECUP Counselling 2026: 27 जुलाई से चॉइस फिलिंग शुरू, इन तारीखों का रखें ध्यान; जानें पूरी टाइमलाइन

July 25, 2026

JEECUP काउंसलिंग 2026 राउंड 4 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 27 से 29 जुलाई तक चॉइस फिलिंग की जाएगी। वहीं 30 जुलाई को सीट अलॉटमेंट रिजल्ट घोषित होगा।

उत्तर प्रदेश में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई का सपना संजोए लाखों छात्रों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन काउंसिल, उत्तर प्रदेश यानी JEECUP ने UPJEE (पॉलिटेक्निक) 2026 काउंसलिंग के चौथे राउंड का शेड्यूल आ गया है। यह राउंड ऑनलाइन विशेष काउंसलिंग के दूसरे चरण के तहत आयोजित किया जा रहा है, और इसमें उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों के वे उम्मीदवार भी हिस्सा ले सकेंगे जो पिछले राउंड्स में सीट हासिल नहीं कर पाए थे। जो छात्र अब तक एडमिशन की दौड़ में पीछे रह गए थे, उनके लिए यह मौका किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। संशोधित शेड्यूल के मुताबिक राउंड 4 की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 27 जुलाई से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक चलेगी। इसके बाद सीट अलॉटमेंट का रिजल्ट 30 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट अलॉट होगी, उन्हें फ्रीज या फ्लोट का विकल्प चुनना होगा, काउंसलिंग फीस जमा करनी होगी और तय समय सीमा के भीतर दस्तावेज सत्यापन कराकर अपना एडमिशन पक्का करना होगा।

राउंड 4 की अहम तारीखें

अगर आप भी इस राउंड में शामिल होने जा रहे हैं, तो नीचे दी गई तारीखों को ध्यान से नोट कर लें, क्योंकि जरा सी चूक आपकी सीट पर भारी पड़ सकती है -

  • राउंड 4 चॉइस फिलिंग: 27 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक
  • राउंड 4 सीट अलॉटमेंट: 30 जुलाई 2026
  • फ्रीज/फ्लोट विकल्प और सिक्योरिटी फीस भुगतान: 31 जुलाई से 3 अगस्त 2026 (शाम 5 बजे तक)
  • हेल्प सेंटर पर दस्तावेज सत्यापन: 31 जुलाई से 4 अगस्त 2026 (शाम 6 बजे तक)
  • सीट वापसी (विड्रॉल): 5 अगस्त 2026

सीट अलॉटमेंट के बाद क्या करना होगा

राउंड 4 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट आने के बाद उम्मीदवारों को अपने लॉगिन पोर्टल के जरिए फ्रीज या फ्लोट में से कोई एक विकल्प चुनना अनिवार्य होगा। जो छात्र फ्रीज विकल्प चुनते हैं, यानी जो अपनी अलॉट हुई सीट से पूरी तरह संतुष्ट हैं और आगे किसी और राउंड में शामिल नहीं होना चाहते, उन्हें तय सिक्योरिटी डिपॉजिट और काउंसलिंग फीस जमा करनी होगी। इसके बाद उन्हें अपने जिले के तय हेल्प सेंटर पर जाकर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

वहीं जो उम्मीदवार फ्लोट का विकल्प चुनते हैं, वे मौजूदा सीट को अपने पास रखते हुए भी अगले राउंड में बेहतर कॉलेज या ब्रांच पाने की उम्मीद बनाए रख सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे, अगर तय समय सीमा के भीतर फीस भुगतान या दस्तावेज सत्यापन नहीं कराया गया, तो अलॉट हुई सीट हाथ से निकल भी सकती है। ऐसे में लापरवाही बिल्कुल न बरतें और हर स्टेप समय पर पूरा करें।

इस पूरे शेड्यूल में एक और अहम पहलू यह है कि जिन छात्रों को अलॉट सीट पसंद नहीं आती, या जो किसी वजह से एडमिशन नहीं लेना चाहते, उनके लिए 5 अगस्त 2026 को सीट वापस लेने यानी विड्रॉल का विकल्प भी दिया गया है। यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए फायदेमंद है जो किसी दूसरी परीक्षा या विकल्प पर विचार कर रहे हों।

JEECUP प्रशासन की तरफ से बार-बार यही सलाह दी जा रही है कि उम्मीदवार आधिकारिक काउंसलिंग पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें, क्योंकि तारीखों में बदलाव की संभावना हमेशा बनी रहती है। साथ ही, हर एडमिशन संबंधी औपचारिकता को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना बेहद जरूरी है, ताकि अंतिम समय की भागदौड़ और सीट रद्द होने जैसी परेशानी से बचा जा सके।

गौरतलब है कि इस साल की काउंसलिंग प्रक्रिया कई चरणों में चल रही है, जिसमें राउंड 1 से 3 सिर्फ उत्तर प्रदेश के मूल निवासी छात्रों के लिए आरक्षित रहे, जबकि राउंड 4 और 5 में दूसरे राज्यों के पात्र उम्मीदवारों को भी मौका दिया जा रहा है। ऐसे में जो छात्र अब तक इंतजार कर रहे थे, उनके लिए यह राउंड एक नई उम्मीद लेकर आया है। कुल मिलाकर, अगर आप UPJEE पॉलिटेक्निक 2026 के इस राउंड में शामिल होना चाहते हैं, तो 27 जुलाई से पहले अपने सभी दस्तावेज और जरूरी जानकारी तैयार रखें, ताकि चॉइस फिलिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और आप समय रहते अपनी पसंद का कॉलेज और कोर्स चुन सकें।