world-news

भिवानी : ट्रक-डंपर की भीषण टक्कर के बाद फटे फ्यूल टैंक, जिंदा जला एक ड्राइवर, JCB की मदद से बचाई गई दूसरे की जान - Haribhoomi

July 20, 2026

गाड़ियों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त होने से दोनों चालक केबिन में ही फंस गए और जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने पास खड़ी जेसीबी से डंपर के केबिन को तोड़कर एक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Road Accident

भिवानी में भीषण सड़क हादसे के बाद मौके पर जमा लोग।

  • Published: 20 Jul 2026, 05:42 PM IST
  • Last Updated: 20 Jul 2026, 05:42 PM IST

हरियाणा के भिवानी जिले में सोमवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली भीषण सड़क दुर्घटना में एक ड्राइवर जिंदा जल गया। ईशरवाल और लोहारू मार्ग पर रोढ़ा मोड़ के पास मक्का भरा एक ट्रक और डंपर के बीच सीधी टक्कर हो गई। यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि टक्कर होते ही दोनों वाहनों के फ्यूल टैंक धमाके के साथ फट गए और देखते ही देखते दोनों गाड़ियां आग के गोले में बदल गईं। 

केबिन में फंसे दोनों चालक, चीख-पुकार मची 
टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे चालक अपने-अपने केबिन में ही फंस गए। आग की लपटों से घिरे ड्राइवरों ने जान बचाने के लिए 'बचाओ-बचाओ' की गुहार लगानी शुरू कर दी। सड़क पर बिखरी मक्के की बोरियों में भी तुरंत आग लग गई। 
हादसा देखते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर फौरन मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग का विकराल रूप और भयंकर गर्मी के कारण सीधे गाड़ियों के करीब पहुंचना असंभव हो रहा था।

ग्रामीणों ने जेसीबी बुलाकर जलते केबिन से निकाला ड्राइवर
हाहाकार के बीच स्थानीय लोगों ने समझदारी और साहस का परिचय दिया। राहगीरों ने सबसे पहले जलती हुई बोरियों को हटाया। गनीमत यह रही कि पास में ही एक जेसीबी मशीन खड़ी थी। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए जेसीबी की मदद से डंपर का केबिन तोड़कर उसके चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, ट्रक केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने का समय नहीं मिल सका और वह लपटों के बीच ही जिंदा जल गया।

झुलसे ड्राइवर की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना तोशाम पुलिस और दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पुलिस ने झुलसे हुए चालक को तुरंत नजदीकी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

वाहनों के मालिकों की पहचान 
तोशाम थाना के प्रभारी (एसएचओ) विशेष कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक राजस्थान के एक व्यक्ति के नाम पंजीकृत है, जबकि डंपर हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी के नाम पर दर्ज है। आग में पूरी तरह जल चुके मृतक चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।