world-news

Janmashtami Special Recipe: जन्माष्टमी पर बनाएं धनिया पंजीरी, कान्हा को लगाएं भोग और बांटें प्रसाद - Haribhoomi

August 31, 2026

Janmashtami Special Recipe: जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इस दिन धनिया पंजीरी भी खास तौर पर बनाई जाती है, कुछ आसान चीजों से झटपट इसे घर पर तैयार करें।

Janmashtami Special Recipe

जन्माष्टमी पर बनाएं धनिया पंजीरी, कान्हा को लगाएं भोग(AI generated)

  • Published: 31 Aug 2026, 10:59 AM IST
  • Last Updated: 31 Aug 2026, 11:00 AM IST

Janmashtami Special Dhaniya Panjiri Recipe: जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस खास मौके पर व्रत रखने के साथ-साथ कान्हा के लिए कई तरह के पकवान तैयार किए जाते हैं। धनिया पंजीरी भी जन्माष्टमी के भोग में शामिल की जाने वाली लोकप्रिय चीजों में से एक है।

धनिया पंजीरी बनाने के लिए धनिया पाउडर के साथ मखाना, बादाम, काजू, खरबूजे के बीज और किशमिश जैसी चीजें इस्तेमाल की जाती हैं। इसमें घी और बूरा मिलाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। जानें घर पर धनिया पंजीरी बनाने का आसान तरीका।

धनिया पंजीरी बनाने के लिए सामग्री

  • धनिया पाउडर – 1 कप
  • घी – आधा कप
  • बूरा या पिसी चीनी – तीन-चौथाई कप
  • मखाना – आधा कप
  • कटे हुए बादाम – 2 बड़े चम्मच
  • कटे हुए काजू – 2 बड़े चम्मच
  • किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
  • खरबूजे के बीज – 1 बड़ा चम्मच
  • इलायची पाउडर – एक-चौथाई छोटा चम्मच
  • तुलसी के कुछ पत्ते

कैसे बनाएं धनिया पंजीरी?
1. धनिया पाउडर भूनें
सबसे पहले कड़ाही में घी डालकर हल्का गर्म करें। इसमें धनिया पाउडर डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। धनिया की खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा बदल जाए तो गैस बंद कर दें।

जन्माष्टमी पर धनिया पंजीरी
जन्माष्टमी के मौके पर बनाएं धनिया पंजीरी

2. मखाना और ड्राई फ्रूट्स भूनें
अब इसी कड़ाही में मखाना डालकर हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद इसमें बादाम, काजू, खरबूजे के बीज और किशमिश डालें। सभी चीजों को करीब 2 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें।

3. ठंडा होने दें
भुने हुए धनिया पाउडर और बाकी चीजों को कुछ देर ठंडा होने दें। पंजीरी में बूरा या पिसी चीनी डालने से पहले मिश्रण का अच्छी तरह ठंडा होना जरूरी है, वरना चीनी पिघल सकती है।

4. अब मिलाएं बूरा और इलायची
मिश्रण ठंडा होने के बाद इसमें बूरा और इलायची पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। स्वादिष्ट धनिया पंजीरी तैयार है।

ऊपर से तुलसी के पत्ते से सजाएं। इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग में चढ़ाएं और प्रसाद के रूप में परिवार के साथ बांटें। 

पंजीरी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • धनिया पाउडर को हमेशा धीमी आंच पर ही भूनें, ताकि उसका स्वाद खराब न हो।
  • इसी तरह बूरा या पिसी चीनी हमेशा मिश्रण के ठंडा होने के बाद डालें।

यह भी पढ़ें: लंच-डिनर के बाद जरूर खाएं सौंफ-मिश्री! पाचन से लेकर मुंह की ताजगी तक मिलेंगे ये 6 फायदे