world-news

ISI से सेना की कमान तक... कौन हैं मक्का पैक्ट के पहले सेक्रेटरी जनरल नौमान महमूद?

September 24, 2026

ISI से सेना की कमान तक… कौन हैं मक्का पैक्ट के पहले सेक्रेटरी जनरल नौमान महमूद?

7 अगस्त को साइन हुआ था मक्का पैक्ट.

मक्का जॉइंट डिफेंस पैक्ट के तहत बने डिफेंस अलायंस का पहला सेक्रेटरी जनरल नियुक्त किया गया है. रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नौमान महमूद को यह जिम्मेदारी दी गई है. यह गठबंधन पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच बना है. इसका जनरल सेक्रेटेरिएट सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बनाया जा रहा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि नौमान महमूद को मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट के तहत पहला सेक्रेटरी जनरल बनाया गया है. उन्हें हिलाल-ए-इम्तियाज (मिलिट्री) सम्मान भी मिल चुका है.

7 अगस्त को हुआ था मक्का पैक्ट

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने 7 अगस्त को मक्का में इस रक्षा समझौते पर दस्तखत किए थे. समझौता नाटो के आर्टिकल-5 की तरह काम करेगा. यानी तीनों में से किसी एक देश पर सशस्त्र हमला होता है तो उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा. इस समझौते का मकसद तीनों देशों के बीच साझा सुरक्षा, सामूहिक रक्षा और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करना है.

समझौते में दूसरे देशों और पक्षों के लिए भी भविष्य में गठबंधन में शामिल होने की गुंजाइश रखी गई है. 31 अगस्त को इस्तांबुल में गठबंधन की पहली बैठक हुई थी. इसमें तीनों देशों के अधिकारियों ने गठबंधन की संस्थागत व्यवस्था बनाने पर चर्चा की. इसी बैठक में तय हुआ था कि पहला सेक्रेटरी जनरल पाकिस्तान से होगा.

कौन हैं नौमान महमूद?

नौमान महमूद ने पाकिस्तान सेना में लंबा करियर बनाया है. उन्हें सितंबर 1987 में बलूच रेजिमेंट में कमीशन मिला था. उन्होंने क्वेटा के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, मिस्र के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और इस्लामाबाद की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की. उनके पास वॉर स्टडीज में मास्टर डिग्री भी है. उनके करियर का काफी समय कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में बीता. यहां उन्होंने अलग-अलग पदों पर अधिकारियों को ट्रेनिंग दी और बाद में चीफ इंस्ट्रक्टर बने. इससे उन्हें सैन्य रणनीति और ऑपरेशनल प्लानिंग का अनुभव मिला.

मेजर जनरल रहते हुए उन्होंने उत्तरी वजीरिस्तान में एक इन्फैंट्री डिवीजन की कमान संभाली. इस इलाके में पाकिस्तानी सेना कई साल से आतंकवाद विरोधी अभियान चला रही थी. इसके बाद वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI में एनालिसिस डायरेक्टोरेट के डायरेक्टर जनरल बने. उनका काम विदेशों से जुड़े घटनाक्रमों का राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से विश्लेषण करना था. विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ संपर्क भी उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा था.

2019 में लेफ्टिनेंट जनरल बने

महमूद अप्रैल 2019 में लेफ्टिनेंट जनरल बने. इसके बाद उन्हें जनरल हेडक्वार्टर में कम्युनिकेशन एंड इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी का इंस्पेक्टर जनरल बनाया गया. दिसंबर 2019 में उन्होंने XI कॉर्प्स, पेशावर की कमान संभाली. नवंबर 2021 में इस पद से हटने के बाद उन्हें इस्लामाबाद की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी का अध्यक्ष बनाया गया. वह इसके 35वें प्रमुख थे. अप्रैल 2023 में वह सेना से रिटायर हुए.

2022 में सेना प्रमुख की नियुक्ति के दौरान उनका नाम संभावित दावेदारों में भी माना गया था. अब रियाद में उनकी मुख्य जिम्मेदारी गठबंधन की संस्थागत व्यवस्था तैयार करना, तीनों देशों के बीच तालमेल बनाना और राजनीतिक समझौते को व्यावहारिक सुरक्षा सहयोग में बदलना होगी.

यह भी पढे़ं: 11 साल बाद US पहुंचे जिनपिंग, स्वागत के लिए ट्रंप ने तोड़ा प्रोटोकॉल

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button