शुरुआत में सामने आया है कि पूरा मामला आईफोन की ईएमआई से जुड़ा है, लेकिन अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि पहाड़ी से कूदने के इस कदम के पीछे क्या असल में आईफोन की ईएमआई ही वजह थी या फिर कोई और कारण है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में देवनाई गांव में पहाड़ी से बाप-बेटे और मां के गिरने की मौत के मामले में नया ट्विस्ट आया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि पिछले साल 2025 में भी बेटे कुणाल ने उसी पहाड़ी की जगह से कूदकर सुसाइड करने की कोशिश की थी। हालांकि, तब वह कूदा नहीं था और उसे मना लिया गया था। शुरुआत में सामने आया कि पूरा मामला आईफोन की ईएमआई से जुड़ा है, लेकिन अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि पहाड़ी से कूदने के इस कदम के पीछे क्या असल में आईफोन की ईएमआई ही वजह थी या फिर कोई और कारण है, जिसके चलते यह सबकुछ हुआ।
बीते शुक्रवार को सुबह 10 बजे कथित रूप से आईफोन की ईएमआई को लेकर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय कुणाल चंदवाड़े छत्रपति संभाजीनगर जिले के खावड़ा की पहाड़ी पर एक चट्टान के किनारे चला गया। वह नीचे कूदने के उद्देश्य से घर से निकला था। उसके पीछे-पीछे उसकी मां संगीता और उसके पिता मुरलीधर पहुंच गए और उसे रोकने की कोशिश करने लगे। उसे कोई गलत कदम नहीं उठाने की मिन्नत करते रहे।
देखते ही देखते गांव के अन्य लोग भी जुट गए। सरपंच ने भी उससे कहा कि वह न कूदे उसे नया आईफोन दिलाया जाएगा। इसी बीच, दोपहर के एक बज गए और बेटा चट्टान के एकदम किनारे पर खड़ा हुआ था। उसके पिता ने छलांग लगाकर उसे अपनी ओर खींचने की कोशिश की, लेकिन तभी बेटा और बाप दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए और जान चली गई। उसकी मां ने भी वहीं से नीचे छलांग लगा दी। चंद मिनटों में ही पूरे परिवार की जान चली गई।
घटना के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। पहाड़ी के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। तीन घंटे तक चले पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और फायर विभाग के कर्मी भी पहुंच गए थे और बेटे को मनाने की कोशिशें करते रहे। हालांकि, उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। तीनों की पहचान शहर के झाल्टा फाटा इलाके के निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19-वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है। फायर विभाग के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे एक सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों की कोशिशें नाकाम हो गईं।
एक बेटे की पहले हो गई थी मौत
संगीता और मुरलीधर के एक और बेटा था, जिसकी आठ साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से पूरा परिवार सदमे में रहता था। हालांकि, उस बेटे की मौत की वजह सामने नहीं आ सकी है, लेकिन बेटे परिवार को बेटे को खोने का गम था और तनाव में रहता था। आए दिन किसी न किसी बात पर परिवार में विवाद भी होता रहता था। सोशल मीडिया पर संगीता वीडियो भी बनाती थी और एक वीडियो में उसने एक पारिवारिक विवाद के बारे में बताया था। उसने एक तीसरी महिला के दखल और पति के उससे विवाहेत्तर संबंध होने की बात कही थी। इसकी वजह से भी परिवार में तनाव रहने लगा था। हालांकि, यह साफ नहीं हो सका है कि हालिया विवाद का इससे कोई नाता था या नहीं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।