एंटी नारकोटिक्स सेल सिकंदरपुर की मुस्तैदी से पकड़ा गया विदेशी तस्कर, सेक्टर-51 में ड्रग्स बेचने की फिराक में था आरोपी। उसके कब्जे से प्रतिबंधित साइकोएक्टिव ड्रग बरामद किया है।
गुरुग्राम में ड्रग सप्लाई करने पहुंचा कैमरून का तस्कर गिरफ्तार।
- Published: 17 Sep 2026, 06:24 PM IST
- Last Updated: 17 Sep 2026, 06:24 PM IST
हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस को नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) सिकंदरपुर की टीम ने गुरुवार को विदेशी मूल के एक शातिर ड्रग तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया है।
पकड़ा गया आरोपी दिल्ली से मादक पदार्थ लाकर गुरुग्राम के हाई-प्रोफाइल इलाकों में खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.83 ग्राम प्रतिबंधित साइकोएक्टिव ड्रग 'एमडीएमए' (MDMA) बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर सेक्टर-51 के पास बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित फुटप्रिंट मेफील्ड गार्डन के समीप अंजाम दी गई। एएनसी सिकंदरपुर की विशेष टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक विदेशी नागरिक दिल्ली से प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर गुरुग्राम में संभावित खरीदारों को बेचने आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी सख्त कर दी। संदिग्ध के दिखाई देते ही टीम ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान 35 वर्षीय एनो शेड्रैक विचू के रूप में बताई।
अफ्रीकी देश कैमरून का रहने वाला है आरोपी
जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से अफ्रीकी देश कैमरून के 'सिटी लिम्बे' का रहने वाला है। वह फिलहाल दिल्ली के साकेत इलाके में किराए पर रह रहा था।
आरोपी दिल्ली से एमडीएमए की खेप लाकर गुरुग्राम के युवाओं और पब-क्लब नेटवर्क में सप्लाई करने की फिराक में था। हालांकि बरामद ड्रग्स की मात्रा 14.83 ग्राम है, लेकिन इसके अंतर्राष्ट्रीय तस्करी के तार से जुड़े होने के कारण पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। बरामद पदार्थ को लैब परीक्षण के लिए भेज दिया गया है ताकि इसकी शुद्धता का सटीक पता लगाया जा सके।
वीजा और सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके भारत में रहने के कानूनी दस्तावेजों और वीजा की वैधता की गहनता से पड़ताल कर रही है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दिल्ली के साकेत में उसे यह ड्रग्स किसने मुहैया कराई थी और गुरुग्राम में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे। इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए गुरुग्राम पुलिस दिल्ली पुलिस के साथ भी समन्वय बनाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।