India Post GDS Bharti 2026: इंडिया पोस्ट ने एक बार ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. देशभर के 10वीं पास युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. कुल 23 हजार से अधिक पद भरे जाने हैं. वहीं 10वीं के नंबरों के आधार पर मेरिट बनाकर कैंडिडेट्स को नियुक्ति दी जाएगी. इंडिया पोस्ट हर साल GDS भर्ती आवेदन करता है, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स आवेदन करते हैं. तो वहीं कई कैंडिडेट्स इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के बारे में जानना चाहते हैं.
आइए, इसी कड़ी में जानते हैं कि इंडिया पोस्ट GDS भर्ती क्या सरकारी नौकरी है. इसमें सिलेक्ट होने वाले कैंडिडेट्स को क्या काम करना होता है और उसके बदले कितनी सैलरी मिलती है? विस्तार से पूरा मामला जानते हैं.
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती में तीन तरह के पद भरे जाते हैं
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के तहत तीन तरह के पद भरता है. ये सभी पद ग्रामीण डाक सेवा के लिए ही भरे जाते हैं. इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद भरे जाते हैं.
GDS भर्ती: कौन से पद पर क्या करना होता है काम ?
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद भरे जाते हैं. आइए, जानते हैं कि किस पद के लिए क्या काम निर्धारित है.
ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM): ब्रांच पोस्टमास्टर ग्रामीण डाकघर की शाखा का संचालन करता है. इसमें डाक सेवा के साथ ही डाक बैंक से जुड़ी सेवाओं का संचालन भी शामिल है. वह सुनिश्चित करता है कि शाखा से डाक की आवाजाही हो रही है या नहीं. सही मायनों में कहें तो ब्रांच पोस्टमास्टर ही शाखा का मालिक होता है.
असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM): ग्रामीण डाक घर शाखाओं में असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर ब्रांच पोस्ट मास्टर के असिस्टेंट के तौर पर काम करते हैं. इसके साथ ही उनका काम डाक टिकट और डाक सामग्री बेचना, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से जुड़े काम करना है, घर-घर डाक पहुंचाना और डाक की आवाजाही करना, डाक विभाग की सेवाओं और उत्पादों का प्रचार करना शामिल है.
डाक सेवक: डाक सेवक डाकघर की शाखा में काम करने के साथ ही बाहर भी काम करते हैं. वह डाक की छंटाई के लिए बाहर जाते हैं तो वहीं वितरण केंद्र या ट्रांजिट मेल कार्यालय में भी लगाया जा सकता है. तो वहीं घर-घर डाक पहुंचाने में उन्हें लगाया जाता है, जबकिजरूरत पड़ने पर उन्हें मार्केटिंग से जुड़े काम भी सौंपे जा सकते हैं.
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती क्या सरकारी नौकरी है?
इंडिया पोस्ट में प्रत्येक साल बड़ी संख्या कैंडिडेट्स आवेदन करते हैं. अब सवाल ये है कि क्या GDS भर्ती के तहत नियुक्त होने वाले कैंडिडेट्स की नौकर सरकारी होती है? असल में GDS भर्ती के तहत नियुक्ति पाने वाले कैंडिडेट्स को डाक विभाग, केंद्र व राज्य सरकार के सरकारी कर्मी नहीं माने जाते हैं. इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के लिए ग्रामीण डाक सेवक (आचरण एवं नियुक्ति) नियम, 2020 बनाए गए हैं, जिन पर संशोधन किया जाता रहा है. हालांकि GDS भर्ती के तहत नियुक्ति पाने वाले कैंडिडेट्स की नियुक्ति स्थाई मानी जाती है. नियुक्ति मिलने के बाद कैंडिडेट्स 65 साल तक पद पर बने रह सकते हैं.
कितनी मिलती है सैलरी, क्या पेंशन का है प्रावधान?
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के तहत नियुक्त होने वाले कैंडिडेट्स के लिए निर्धारित सैलरी की बात करें तो ब्रांच पोस्टमास्टर को 12,000 से 29,380 रुपये, असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर को 10,000 से 24,470 रुपये और डाक सेवक को 10,000 से 24,470 रुपये मिलते हैं. हालांकि ये देखा जाता है कि सेवा अवधि कितनी है. वहीं पेंशन की बात करें तो ये नहीं मिलती है, लेकिन रिटायर्ड होने के बाद ग्रेजुएटी व मोबाइल भत्ता दिया जाता है.
TV9 Bharatvarsh
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.
Read More