
टीम इंडिया ने 3 मैच की सीरीज में 2-0 की बढ़त लीImage Credit source: PTI
टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मैच में भी जिम्बाब्वे को हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है. हरारे में खेले गए इस मुकाबले में भी टीम इंडिया ने बैटिंग से लेकर बॉलिंग तक, दोनों मोर्चों पर जिम्बाब्वे को चित किया और 90 रन के बड़े अंतर से मैच के साथ ही सीरीज भी अपने नाम कर ली. ईशान किशन और तिलक वर्मा की पारियों के दम पर भारतीय टीम ने 219 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके बाद सभी गेंदबाजों ने मिल-जुलकर जिम्बाब्वे को सिर्फ 129 रन पर ढेर कर दिया. इस तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगातार 2 सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया की झोली में पहली ट्रॉफी आ ही गई.
ईशान और तिलक ने खेली तूफानी पारी
हरारे में पहला टी20 मैच जीतने के 48 घंटों बाद फिर से इस मैदान पर टीम इंडिया ने दमदार खेल दिखाया. शनिवार 25 जुलाई को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने इस बार पहले बल्लेबाजी की और ये फैसला भी टीम के पक्ष में ही गया. हालांकि पहला वैभव सूर्यवंशी की छोटी लेकिन तेज पारी के बावजूद टीम इंडिया ने सिर्फ 29 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद ईशान किशन का बल्ला चला. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 44 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे.
ईशान किशन को इस दौरान अच्छा साथ मिला उप-कप्तान तिलक वर्मा का, जो पिछले काफी वक्त से आलोचना झेल रहे थे. तिलक ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जमाया और टीम के लिए बेहतरीन फिनिशर की भूमिका निभाते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 60 रन की नाबाद पारी खेली. इनके दम पर ही टीम इंडिया 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 219 रन बना सकी.
प्रिंस-यश समेत गेंदबाजों को दमदार प्रदर्शन
इसके जवाब में ब्रायन बैनेट में जिम्बाब्वे को तेज शुरुआत दिलाई और एक बार के लिए ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया को इस बार मशक्कत करनी पड़ेगी. मगर चौथे ओवर में यश ठाकुर ने बैनेट को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. ये विकेट इसलिए खास था क्योंकि ठाकुर ने इसी मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने कदम रखे. इसके बाद तो धीरे-धीरे विकेट गिरते ही रहे. प्रिंस यादव ने 8 गेंदों के अंदर 2 विकेट लिए, जिसमें जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा भी थे. मगर इस विकेट के बाद वो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर चले गए.
इस बीच रवि बिश्नोई ने फिर असरदार गेंदबाजी की, जहांं उन्हें शिवम दुबे, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा का भी साथ मिला. मजेदार बात ये रही कि आखिरी के तीनों विकेट अभिषेक शर्मा ने लिए, जो इस मैच में भारत के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने 2.5 ओवर के स्पैल में सिर्फ 17 रन दिए और 3 विकेट लेकर जिम्बाब्वे को समेट दिया. इस तरह आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार 2 टी20 सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली सीरीज जीत मिली है.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More