world-news

ind vs pak preview: स्मृति-शेफाली के सामने पाकिस्तानी गेंदबाजों की परीक्षा; कप्तान हरमनप्रीत के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड - Haribhoomi

September 4, 2026

ind w vs pak w match preview: भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 एशिया कप मुकाबले में मिडिल ऑर्डर की परीक्षा होगी। हरमनप्रीत कौर 150वें टी20I में कप्तानी करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना बड़े रिकॉर्ड के करीब हैं।

india vs pakistan womens asia cup

महिला एशिया कप में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत।

  • Published: 04 Sep 2026, 08:58 PM IST
  • Last Updated: 04 Sep 2026, 09:03 PM IST

ind w vs pak w match preview: भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 एशिया कप का दिलचस्प मुकाबला शनिवार शाम दुबई में खेला जाएगा। हालांकि इस मैच का सेमीफाइनल की रेस पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला अपनी बल्लेबाजी की गहराई परखने का मौका जरूर होगा। भारत अपने दोनों मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि पाकिस्तान ने अभी सिर्फ एक मैच खेला है। हांगकांग के खिलाफ अगला मुकाबला होने के कारण उसके भी नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीद मजबूत है।

मिडिल ऑर्डर भारत की चिंता
भारत बल्लेबाजी ने अब तक शानदार स्कोर बनाए हैं, लेकिन टीम का मिडिल ऑर्डर का प्रदर्शन अभी भी चिंता की बात है। थाईलैंड के खिलाफ टीम ने ओपनर्स की मजबूत शुरुआत के बाद 46 रन के अंदर 8 विकेट गंवा दिए थे। हांगकांग के खिलाफ भी स्मृति मंधाना का बल्ला पूरी पारी पर भारी रहा। नंबर-3 से नंबर-7 तक के बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 34 रन बना सके। भारत की ओपनिंग जोड़ी और बाकी बल्लेबाजों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर दिख रहा है। मंधाना के नाम 143 और शेफाली वर्मा के 92 रन हैं, जबकि अगली सबसे बड़ी स्कोरर प्रतिका रावल के सिर्फ 32 रन हैं। ऐसे में सेमीफाइनल से पहले भारत अपने मिडिल ऑर्डर को ज्यादा मजबूत देखना चाहेगा।

पाकिस्तान की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। थाईलैंड के खिलाफ बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन गेंदबाजों ने टीम को जीत दिलाई। हालांकि जुलाई-अगस्त में श्रीलंका दौरे पर पाकिस्तान ने दो बार 170 से ज्यादा का स्कोर बनाया था। शवाल जुल्फिकार और मुनीबा अली ने वहां तेजी से रन बनाने की क्षमता दिखाई थी। 21 साल की जुल्फिकार ने अभी भारत के खिलाफ मैच नहीं खेला है और पाकिस्तान को पावरप्ले में उनसे बड़ी उम्मीद होगी।

दूसरी तरफ भारत के लिए प्रेमा रावत भी देखने लायक खिलाड़ी होंगी। लेग स्पिनर ने एशिया कप के दोनों मैचों में किफायती गेंदबाजी की है। पिछले मैच में उन्होंने दो विकेट लिए थे। उनके प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अनुभवी राधा यादव को अभी बेंच पर बैठना पड़ा है।

वहीं पाकिस्तान की नाशरा संधू भारत के खिलाफ हमेशा प्रभावी रही हैं। 7 टी20 मैचों में उनके नाम 6 विकेट हैं और इकॉनमी 5.47 रही है। उन्होंने मंधाना को 2 बार आउट किया है। दुबई की धीमी पिच पर वह भारतीय मिडिल ऑर्डर के लिए परेशानी बन सकती हैं।

कप्तान बनाएगी इंटरनेशनल रिकॉर्ड
इस मैच में हरमनप्रीत कौर अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल बतौर कप्तान खेलेंगी। वह पुरुष और महिला क्रिकेट में 150 टी20I में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी होंगी। मंधाना टी20I में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में सूजी बेट्स से आगे निकलने से सिर्फ 78 रन दूर हैं। भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान को 7 में से 6 बार हराया है। एकमात्र हार 2022 में सिलहट में मिली थी।

पिच और वेदर कंडीशन 
दुबई में गर्मी और उमस एक बार फिर खिलाड़ियों की परीक्षा लेगी। तापमान मैच के समय करीब 37 डिग्री रहने की उम्मीद है। टूर्नामेंट में स्पिनरों का दबदबा रहा है और उन्होंने तेज गेंदबाजों से कहीं ज्यादा विकेट लिए हैं। टॉस जीतने वाले कप्तान के सामने पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी चुनने की चुनौती होगी।