
भारत ने सीरीज पर 2-0 से किया कब्जा. (फोटो- PTI)
IND vs AFG 2nd T20I: अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मैच में 7 विकेट से रौंद दिया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई लाइन के आगे 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 159 रन ही बना सकी. इसके जवाब में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में ही मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया और भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली.
नीतीश और अर्शदीप ने तोड़ी बल्लेबाजी की कमर
इस मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया, जिसे भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सही साबित किया. अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में ही रहमानुल्लाह गुरबाज को बिना खाता खोले रवि बिश्नोई के हाथों कैच आउट करवाकर अफगानिस्तान को 0 के स्कोर पर पहला झटका दिया. इसके बाद कप्तान इब्राहिम जादरान ने आक्रामक रुख अपनाते हुए बुमराह, अर्शदीप, अक्षर पटेल और बिश्नोई के खिलाफ लगातार चौके जड़े और 37 रन बनाए.
लेकिन अक्षर और बिश्नोई की ओर से दबाव बनाने के बाद नीतीश रेड्डी ने अपनी पहली ही गेंद पर खतरनाक दिख रहे जादरान को बिश्नोई के हाथों लपकवाया. इसके बाद बिश्नोई ने सेदिकुल्लाह अटल को पवेलियन भेजा, वहीं गुलबदिन नायब नीतीश की गेंद पर संजू सैमसन को आसान कैच दे बैठे. इनके अलावा दारविश रसूली और अजमतुल्लाह उमरजई को अर्शदीप और अक्षर ने तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट कराया. अंत में राशिद खान ने 28 रन बनाकर टीम को 159 रन तक पहुंचाया. भारत की ओर से रेड्डी ने 24 रन देकर 3 और अर्शदीप ने 35 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं, जबकि बुमराह, बिश्नोई और अक्षर को 1-1 सफलता मिली.
सैमसन और अभिषेक का कोहराम
160 रनों के टारगेट के जवाब में भारतीय ओपनर्स ने आते ही चौकों-छक्कों की बारिश कर दी. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 6.2 ओवरों में 88 रनों की तूफानी साझेदारी कर अफगान गेंदबाजों की लाइन-लेंथ पूरी तरह बिगाड़ दी. अभिषेक ने 19 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 39 रनों की धुआंधार पारी खेली. वहीं, संजू सैमसन ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए 22 गेंदों पर 259.09 के स्ट्राइक रेट से 57 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
इसके बाद ईशान किशन ने नाबाद 38 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया. तिलक वर्मा भी 15 रन बनाकर नाबाद रहे. जिसके चलते भारत ने इस टारगेट को 14.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. अब सीरीज का आखिरी मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More