Published: Thursday, July 23, 2026, 21:07 [IST]
IIT Madras on CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे नीट पेपर लीक प्रोटेस्ट और सोनम वांगचुक के समर्थन से जुड़ा मामला अब IIT मद्रास तक पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, संस्थान के कुछ छात्रों को जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मामला तब सामने आया, जब छात्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में कुछ छात्र एक बैनर के साथ नजर आए। बैनर पर जंतर-मंतर प्रदर्शन और भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक और स्टूडेंट्स के समर्थन की बात लिखी थी। इसके बाद कैंपस में प्रशासन की ओर से छात्रों को पोस्ट हटाने का संदेश भेजे जाने का दावा किया गया है।
वायरल वीडियो में छात्रों के हाथ में मौजूद बैनर पर लिखा था, "जंतर-मंतर प्रदर्शन के साथ एकजुटता। भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक और छात्रों के साथ एकजुटता। स्टूडेंट्स लाइव्स मैटर।"
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट साइट से कहां गायब हुए अभिजीत दीपके? सोशल मीडिया पर समर्थकों से मांगी माफी! क्या कहा?
वीडियो सामने आने के बाद IIT मद्रास प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, IIT मद्रास के एक छात्र ने दावा किया कि प्रशासन ने छात्रों से प्रदर्शन के समर्थन में डाले गए इंस्टाग्राम वीडियो हटाने को कहा। छात्र के मुताबिक, इस संबंध में कैंपस के छात्र ग्रुप में भी संदेश भेजा गया। मैसेज में बताया गया कि डीन की ओर से जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े पोस्ट हटाने के लिए कहा गया है और फैकल्टी एडवाइजर को भी इस मामले में बुलाया गया था।
CJP आंदोलन से कैसे जुड़ा मामला?
यह पूरा विवाद CJP नाम के व्यंग्यात्मक इंस्टाग्राम हैंडल से शुरू हुए डिजिटल अभियान से जुड़ा है। इसे अभिजीत डिपके ने बनाया था। बाद में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के आंदोलन से जुड़ने के बाद इसे और समर्थन मिला। वांगचुक जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। अभी वो मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट हैं और वहीँ से अनशन जारी रखे हुए हैं। 20 जून से जंतर-मंतर पर CJP के कार्यकर्ता और समर्थक जुटे हुए हैं। 24 जुलाई को देशभर में नीट पेपर लीक के खिलाफ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग में बंद और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आवाहन किया गया है।
20 जुलाई के बाद आंदोलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र जुड़ने का दावा किया गया। बुधवार को मुंबई में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया और जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता जताई।
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट का इफेक्ट! कनॉट प्लेस पर शाम 6:30 बजे ही लग जाएंगे ताले? NDMC का नया आदेश